इस्लामाबादः पाकिस्तान ने रिहा किया 151 भारतीय मछियारों को
इस्लामाबाद, 27 मई सन् 2014 (ऊका समाचार): पाकिस्तान ने 151 भारतीय मछियारों को रिहा
कर दिया है।
भारतीय प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में भाग
लेने हेतु पाकिस्तान के प्रधान मंत्री नवाज़ शरीफ़ की यात्रा के आरम्भ होने से पूर्व,
रविवार को, पाकिस्तान ने सदभावना प्रदर्शन के प्रतीक रूप में पाकिस्तानी जेलों से 151
भारतीय मछियारों को रिहा कर दिया।
भारत के नवनियुक्त प्रधान मंत्री नरेन्द्र
मोदी ने पाकिस्तान की ओर से इस राजनयिक संकेत का स्वागत किया है।
अपने ट्वीट
सन्देश में मोदी ने लिखाः "हमारे मछियारों को रिहा करने हेतु श्री लंका और पाकिस्तान
की पहल का मैं स्वागत करता हूँ। अपने मछियारे भाइयों की घर वापसी पर मैं उनका स्वागत
करता हूँ।" उन्होंने ट्वीट कियाः श्री लंका ने भी कल भारतीय मछियारों की रिहाई के आदेश
दिये थे किन्तु मछियारों की संख्या का कोई संकेत नहीं दिया।"
नवाज़ शरीफ़ के
कार्यालय की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पाकिस्तानी प्रधान मंत्री के निर्देश पर भारत
के 151 मछियारों को रिहा किया गया एवं उनकी 57 नावों को भी वापस लौटा दिया गया है। सोमवार
को वाघा अटारी सीमा पर क़ैदियों को भारतीय अधिकारियों के सिपुर्द कर दिया गया था।
इन
कैदियों में से अधिकांश को मछली पकड़ने के दौरान पाकिस्तानी जल क्षेत्र में घुसपैठ के
लिए गिरफ्तार किया गया था।
पाकिस्तान सरकार के आंकड़ों के अनुसार भारत में 168
मछियारों सहित 521 पाकिस्तानी क़ैदी हैं। प्रधान मंत्री शरीफ़ ने आशा व्यक्त की है कि
भारत भी पाकिस्तान के मछियारों को रिहा कर देगा।