2014-03-26 11:35:09

बैंगलोरः गुरुकुल हत्या मामले में और गिरफ्तारियों की उम्मीद


बैंगलोर, 26 मार्च सन् 2014 (ऊका समाचार): बैंगलोर में काथलिक गुरुकुल प्राचार्य की हत्या के मामले में जाँच पड़ताल कर रहे एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा है कि हत्या के सिलसिले में और लोगों को गिरफ्तार किया जा सकता है।

विगत वर्ष पहली अप्रैल को बैंगलोर स्थित सेन्ट पीटर काथलिक गुरुकुल में प्राचार्य फादर के.जे. थॉमस का रक्तरंजित शव उनके कमरे के बाहर पड़ा मिला था।

शुक्रवार को पुलिस ने बैंगलोर महाधर्मप्रान्त के पुरोहित फादर एलियास डेनियल, फादर विलियम पैट्रिक तथा एक लोकधर्मी पीटर को प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से हत्या के षड़यंत्र में लिप्त होने के लिये गिरफ्तार किया था।

पुलिस अधिकारी ने ऊका समाचार को बताया, "जाँचपड़ताल जारी है तथा और गिरफ्तारियों की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मामला संवेदनशील है इसलिये वे जल्दबाज़ी में किसी भी प्रकार का वकतव्य देना नहीं चाहते किन्तु और गिरफ्तारियाँ होंगी इतना ज़रूर कहा जा सकता है।"

इस बीच, कर्नाटक के पुरोहित संगठन के कुछेक सदस्यों ने आरोप लगाया है कि कलीसियाई संस्थाओं की कार्यविधियों के बारे में अपर्याप्त ज्ञान होने की वजह से पुलिस की जाँचपड़ताल में खामियाँ रही हैं।

उनका आरोप है कि पुलिस ने दो पुरोहितों को केवल परिस्थितिजन्य साक्ष्यों तथा अस्पष्ट बयानों के आधार पर गिरफ्तार किया है।









All the contents on this site are copyrighted ©.