2014-03-19 12:11:39

बैंगलोरः रेक्टर हत्या में ताज़ा सुराग का पुलिस ने किया दावा


बैंगलोर, 19 मार्च सन् 2014 (ऊका): बैंगलोर के एक पुलिस अधिकारी ने, रेक्टर के.जे. थॉमस की हत्या की जाँच में ताज़ा सुराग का दावा किया है। उनका कहना है कि लगभग एक साल से रहस्य बनी फादर थॉमस की हत्या की गुत्थी को सुलझाने में इससे पुलिस में आत्मविश्वास जागा है।
बैंगलोर स्थित सेंट पीटर गुरुकुल के प्राचार्य फादर के.जे. थॉमस का मृत शरीर उनके कमरे में पहली अप्रैल, सन् 2013 को पाया गया था। मामले की जाँच में ढील के लिये पुलिस की कड़ी आलोचना होती रही है।

मामले की जांच की निगरानी करनेवाले एक वरिष्ठ अधिकारी ने हिन्दू दैनिक को बताया दो पुरोहितों पर किये नार्को टेस्ट ने नये सुराग प्रदान किये हैं। दोनों ही पुरोहित गुरुकुल के प्राध्यापक हैं तथा हत्या की रात गुरुकुल में मौजूद थे।

विगत शुक्रवार को, दो पुरोहितों पर केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला, अहमदाबाद में नार्को टेस्ट किया गया था।

उन्होंने बताया कि पुलिस तीन संदिग्धों पर ध्यान केन्द्रित कर रही है जिनसे पूछताछ जारी है। हालांकि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस बात से इनकार किया है कि उन्होंने मामले में किसी को गिरफ्तार किया है।

शुरुआत से मामले की जाँच में संलग्न एक पुलिस अधिकारी को आशंका है कि हत्या अन्दर के किसी व्यक्ति का काम है।

विदित हो कि फादर थॉमस के परिवार ने कर्नाटक उच्च न्यायालय में याचिका दर्ज़ कर सीबीआई जांच की मांग की है।








All the contents on this site are copyrighted ©.