2013-12-27 12:03:21

काहिराः हिंसा जनमत संग्रह को रोक नहीं सकेगी, धर्माध्यक्ष


काहिरा, 27 दिसम्बर सन् 2013 (सी.एन.एस.): मिस्र की राजधानी काहिरा में, गुरुवार, 26 दिसम्बर के बम विस्फोट एवं अन्य हिंसक घटनाओं की पृष्टभूमि में कॉप्टिक काथलिक कलीसिया के धर्माध्यक्ष गीज़ा के अन्तोनियोस अज़ीज़ मीना ने कहा है कि आतंकवादी आक्रमण नये संविधान पर जनमत संग्रह को नहीं रोक सकेंगे।
काहिरा के उत्तरी क्षेत्र स्थित मनसूरा में 26 दिसम्बर को हुए एक पुलिस स्टेशन के पास कार बम में कम से कम 14 व्यक्तियों की हत्या हो गई है तथा कई घायल हो गये हैं। प्रधान मंत्री हाज़ेम बेबलावी ने इसे आतंकवादी हमला निरूपित किया है।
ग़ौरतलब है कि जुलाई माह में मिस्र के पूर्व राष्ट्रपति मोरसी को अपदस्थ किये जाने के बाद से मिस्र के विभिन्न क्षेत्रों में आतंकवादी हमलों में वृद्धि हुई है। बताया जाता है कि प्रायः ये हमले मोरसी की समर्थक पार्टी मुस्लिम ब्रदरहुड से जुड़े कट्टरपंथी इस्लामी गुटों द्वारा किये जाते हैं।
धर्माध्यक्ष अज़ीज़ मीना ने काथलिक समाचार सेवा से कहा कि नये संविधान पर जनमत एकत्र किया जाना अनिवार्य है जिससे नवीन सांसदीय एवं राष्ट्रपति चुनावों का मार्ग सुगम बनेगा तथा सभी समूहों को उनके अधिकारों के सम्मान का आश्वासन मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि मिस्र के ख्रीस्तीय एवं इस्लाम धर्मानुयायियों को एक साथ मिलकर नये मिस्र का निर्माण करना होगा। इसके लिये उन्होंने विभिन्न धर्मों के लोगों के बीच वार्ताओं एवं सहयोग को अपरिहार्य बताया।








All the contents on this site are copyrighted ©.