2013-12-11 12:43:30

वाटिकन सिटीः सन्त पापा के ट्वीट अकाऊन्ट ने पूरा किया एक वर्ष


वाटिकन सिटी, 11 दिसम्बर सन् 2013 (सेदोक वी.आर.): ट्वीटर पर सन्त पेत्रुस के उत्तराधिकारियों के अकाऊन्ट @pontifax ने एक वर्ष पूरा कर लिया है।
12 दिसम्बर सन् 2012 को सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने पहली बार अपने व्यक्तिगत अकाऊन्ट पर ट्वीट कर प्रभु येसु के सुसमाचार के प्रसार हेतु नवीन संचार एवं सम्प्रेषण के इस माध्यम को अपनाया था। सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें के सेवानिवृत्त होने के उपरान्त 13 मार्च को नियुक्त विश्वव्यापी काथलिक कलीसिया के परमाध्यक्ष सन्त पापा फ्राँसिस ने इस पहल को जारी रखा जिसके आज एक करोड़ दस लाख अनुयायी हैं।
@pontifax पर नौ भाषाओं में प्रतिदिन 140 शब्दों वाला ट्वीट एक करोड़ दस लाख अनुयायियों द्वारा पढ़ा जाता है। इनके अतिरिक्त, छः करोड़ लोग इसे रिट्वीट के माध्यम से पढ़ते हैं। इस सन्दर्भ में, सम्प्रेषण माध्यम सम्बन्धी परमधर्मपीठीय समिति के अध्यक्ष महाधर्माध्यक्ष क्लाऊदियो चेल्ली ने वाटिकन रेडियो को दिये एक साक्षात्कार में कहा कि सन्त पापा द्वारा प्रतिदिन किया जानेवाला ट्वीट सन्देश हालांकि छोटा होता है तथापि यह आधुनिक जगत के आध्यात्मिक रेगिस्तान में शीतल जल की एक बूँद के समान है जिसका आज के जीवन में अहं महत्व है।
महाधर्माध्यक्ष चेल्ली ने कहा कि धर्म एवं आध्यत्मिकता के प्रति उदासीन होते जा रहे विश्व में सुसमाचार के सन्देश को सुगम एवं सरल भाषा में स्त्री पुरुषों तक पहुँचाना, ख्रीस्त के अनुयायियों के समक्ष प्रस्तुत वर्तमान विश्व की सबसे बड़ी चुनौती है।








All the contents on this site are copyrighted ©.