2013-12-10 12:23:22

ओडिशाः सायमन कैपुराम बालासोर के नये धर्माध्यक्ष नियुक्त


ओडिशा, 10 दिसम्बर सन् 2013 (सेदोक वी. आर.): सन्त पापा फ्राँसिस ने, सोमवार को, कलीसियाई विधान की धारा 401 के तहत, ओडिशा स्थित बालासोर के धर्माध्यक्ष थॉमस थिरूतालिल का त्यागपत्र स्वीकार कर, धर्मप्रान्त का कार्यभार 59 वर्षीय फादर सायमन कैपुराम को सौंपते हुए, उन्हें बालासोर का नया धर्माध्यक्ष नियुक्त कर दिया है।
नवनियुक्त धर्माध्यक्ष सायमन कैपुराम विन्सेनशियन धर्मसमाजी मिशन के सदस्य हैं। इससे पूर्व सायमन कैपुराम ओडिशा के बेरहामपुर धर्मप्रान्त स्थित काथलिक गुरुकुल में प्राध्यापक एवं प्राचार्य रह चुके हैं।
केरल के थानीरमुक्कम में, 9 फरवरी सन् 1954 ई. को, सायमन कैपुराम का जन्म हुआ था। बेरहामपुर धर्मप्रान्त स्थित गोपालपुर के अक्वायनुस काथलिक महाविद्यालय तथा पुणे स्थित परमधर्मपीठीय विश्वविद्यालय से आपने ईशशास्त्र एवं दर्शनशास्त्र का अध्ययन किया तथा 20 दिसम्बर सन् 1979 को पुरोहित अभिषिक्त किये गये।
बालासोर धर्मप्रान्त की रचना सन् 1989 ई. में की गई थी। धर्मप्रान्त की कुल आबादी 89 लाख है जिनमें 23,600 काथलिक धर्मानुयायी हैं। धर्मप्रान्त में 39 पल्लियाँ हैं जिनकी प्रेरितिक देखरेख के लिये 53 पुरोहित हैं। 174 धर्मसमाजी, धर्मसंघी एवं धर्मबहनें विभिन्न लोकोपकारी कार्यों में संलग्न हैं। बालासोर धर्मप्रान्त कटक-भूबनेश्वर महाधर्मप्रान्त के अन्तर्गत आता है।








All the contents on this site are copyrighted ©.