2013-10-01 11:07:38

सागरः भारत की सबसे ऊँची येसु प्रतिमा सागर में स्थापित


सागर, 01 अक्टूबर सन् 2013 (ऊका समाचार):मध्यप्रदेश के सागर ज़िले में भारत की सबसे ऊँची येसु प्रतिमा स्थापित की गई है।
भारत में सिरो मलाबार काथलिक कलीसिया के धर्माधिपति कार्डिनल जॉर्ज आलेनचेरी ने सोमवार, 30 सितम्बर को 18 धर्माध्यक्षों तथा सम्पूर्ण भारत एवं विदेशों से सागर पहुँचे हज़ारों तीर्थयात्रियों की उपस्थिति में भारत की सर्वाधिक ऊँची येसु प्रतिमा प्रस्थापित की।
ईश्वरीय करुणा को समर्पित येसु की 43 फुट ऊँची प्रतिमा, सागर शहर के खजुरिया गुरु नामक गाँव में नेशनल हाईवे के बगल में प्रस्थापित की गई है।
प्रतिमा का वज़न 1.5 टन है जिसे 100 घनफुट कनक्रीट पर प्रस्थापित किया गया है। इसकी चौड़ाई 16 फुट, गहराई 3 फुट एवं मोटाई तीन इंच है। येसु के हृदय से निकलने वाली किरणें 21 फुट लम्बी हैं।
प्रतिमा के अनुष्ठान समारोह के दौरान नागपुर के महाधर्माध्यक्ष अब्राहम विरूथाकुलंगरा ने लोगों को सागर का अर्थ है समझाते हुए कहा कि जिस प्रकार "जल की बून्दों से समुद्र बनता है उसी प्रकार हममें से प्रत्येक भी विश्वास की बून्दों से विश्वास का सागर बना सकते हैं।"
सागर के खजुरिया गुरु गाँव में धर्मप्रान्तीय तौर पर दयासागर प्रभु येसु की भक्ति सन् 2007 में शुरु हुई थी। दैवीय करुणा के तीर्थस्थल के अतिरिक्त यहाँ एक प्रेरितिक केन्द्र तथा ध्यान एवं मनन चिन्तन के लिये एक प्रार्थना भवन भी है।








All the contents on this site are copyrighted ©.