2013-09-19 12:25:03

गोआः गोआ में 90 से अधिक क्रूस प्रतिमाओं का अपवित्रीकरण


गोआ, 19 सितम्बर सन् 2013 (ऊका समाचार): गोआ के मारगाओ में एक कब्रस्तान से 90 से अधिक क्रूस की प्रतिमाओं को उखाड़ फेंक दिया गया।
मंगलवार को उस समय इस अप्रिय घटना का पता लगा जब सेन्ट रॉक चर्च पल्ली की एक महिला बुधवार, 18 सितम्बर के ख्रीस्तयाग समारोह के लिये एक कब्र पर साफ-सफाई के लिये पहुँची।
पल्ली पुरोहित फादर लूईस कुटीनो ने कहा कि प्रातः लगभग साढ़े आठ बजे महिला ने लापता क्रूसों के बारे में बताया। पल्लीवासियों के अनुसार कब्रस्तान से 92 क्रूस की प्रतिमाओं को उखाड़ कर कब्रस्तान के बाहर फेंक दिया गया था।
पुलिस ने इस कृत्य के लिये एक विक्षिप्त महिला को पूछताछ के लिये रोका है जिसका कहना है कि क्रूस की प्रतिमाएँ मैली हो गई थी। पुलिस अधिकारी मोहन नाईक ने कहा कि महिला ने यह कहकर कि क्रूस की प्रतिमाएँ पुरानी हो चुकी थीं उन्हें कब्रस्तान से बाहर फेंक दिया था।
पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध अन्यों की धार्मिक भावनाओं पर आघात करने के लिये प्रकरण दर्ज़ कर लिया है।
फादर कुटीनो ने कहा, "पल्लीवासियों की मदद से कुछ क्रूसों को वापस कब्रस्तान में प्रतिष्ठापित कर दिया गया है किन्तु कुछेक बहुत अधिक क्षतिग्रस्त हो गये थे जिनकी पहचान भी नहीं की जा सकी है।"









All the contents on this site are copyrighted ©.