2013-09-10 12:47:23

मुम्बईः माऊन्ट मेरीज़ महागिरजाघर धन्य सन्त पापा जॉन पौल द्वितीय के अवशेष


मुम्बई, 10 सितम्बर सन् 2013 (ऊका समाचार): मुम्बई में माता मरियम को समर्पित माऊन्ट मेरीज़ महागिरजाघर में अब धन्य सन्त पापा जॉन पौल द्वितीय के रक्त की बूँदों को पवित्र अवशेष स्वरूप सुरक्षित रखा जायेगा।
भारत में सेवारत परमधर्मपीठ के प्रेरितिक राजदूत महाधर्माध्यक्ष साल्वातोर पेन्नाखियो ने रविवार को मरियम जयन्ती के महापर्व पर माऊन्ट मेरीज़ महागिरजाघर में ख्रीस्तयाग अर्पित किया तथा महागिरजाघर के अधिकारियों को पवित्र अवशेष सौंपे।
इस अवसर पर महाधर्माध्यक्ष पेन्नाखियो ने कहा, "कलीसिया के परमाध्यक्ष के प्रतिनिधि होने के नाते मैं सन्त पापा की आशीष एवं उनकी मंगलकामनाओं को आप तक पहुँचाता हूँ।"
सभी उपस्थित श्रद्धालुओं से उन्होंने अनुरोध किया कि वे सन्त पापा फ्राँसिस के साथ मिलकर सिरिया, मध्यपूर्व एवं सम्पूर्ण विश्व में शांति के लिये प्रार्थना करें।
पवित्र अवशेषों के अतिरिक्त उन्होंने सन्त पापा जॉन पौल द्वितीय की दो फुट लम्बी प्रतिमा भी महागिरजाघर के अधिकारियों के सिपुर्द की। 27 वर्ष पूर्व सन्त पापा जॉन पौल द्वितीय ने, अपनी भारत यात्रा के दौरान मुम्बई स्थित माऊन्ट मेरीज़ महागिरजाघर में श्रद्धार्पण किया था।








All the contents on this site are copyrighted ©.