2013-08-23 12:31:50

वाटिकन सिटीः सिरियाई संकट की समाप्ति हेतु विश्व को मदद देनी होगी, वाटिकन राजदूत


वाटिकन सिटी, 23 अगस्त सन् 2013 (सेदोक): सिरिया में कार्यरत वाटिकन के राजदूत महाधर्माध्यक्ष मारियो ज़ेन्नारी ने कहा है कि अन्तरराष्ट्रीय समुदाय को सिरिया में जारी गम्भीर संकट की समाप्ति हेतु एक राजनैतिक समाधान ढूँढ़ने में सहायता देनी चाहिये।
सिरिया की राजधानी दमिश्क के इर्द-गिर्द रासानियक हमलों की ख़बरें मिलने के उपरान्त बुधवार को वाटिकन रेडियो से बातचीत में महाधर्माध्यक्ष ज़ेन्नारी ने इन्टरनेट एवं टेलेविज़न पर प्रकाशित छवियों को सचमुच में "दिल दहला देनेवाली" निरूपित किया।
सिरिया के विपक्षी दलों का आरोप है कि सिरिया की सेना ने नागरिकों पर रासानियक हमले किये जिसमें 1000 से अधिक लोग मारे गये हैं तथा सैकड़ों घायल हो गये हैं। यदि यह आरोप प्रमाणित हो जाते हैं तो सन् 2011 में आरम्भ सिरियाई गृहयुद्ध के बाद की ये सबसे ख़तरनाक स्थिति हो सकती है।
राजकीय टेलेविज़न पर सिरियाई सेना ने इस बात से साफ़ इनकार कर दिया है कि उसने विषाक्त गैस या रासायनिक अस्त्रों का उपयोग किया था।
महाधर्माध्यक्ष ज़ेन्नारी ने कहा, "लोग थक चुके हैं। वे अन्तरराष्ट्रीय समुदाय को सहायता के लिये पुकार रहे हैं ताकि इस युद्ध को तुरन्त समाप्त किया जा सके; वे कह रहे हैं: "अब बहुत हो चुका, हम और सह नहीं सकते, हम इस तरह जीना जारी नहीं रख सकते।"
संयुक्त राष्ट्र संघ के अनुसार सिरिया में जारी युद्ध में कम से कम एक लाख लोग मारे जा चुके हैं तथा 17 लाख लोगों ने पड़ोसी देशों में पलायन कर लिया है। केवल जुलाई माह से अब तक 30,000 लोगों ने सिरियाई सीमा पार कर ईराक में शरण ली है।








All the contents on this site are copyrighted ©.