2013-08-16 11:52:13

कास्टेल गोन्दोल्फोः सन्त पापा फ्राँसिस ने मिस्र में वार्ता एवं पुनर्मिलन का किया आह्वान


कास्टेल गोन्दोल्फो, 16 अगस्त सन् 2013 (सेदोक): सन्त पापा फ्रांसिस ने मिस्र में शांति, वार्ता एवं पुनर्मिलन की अपील की है।
गुरुवार को, मरियम के स्वर्गोद्ग्रहण महापर्व के उपलक्ष्य में रोम परिसर के कास्टेल गोन्दोल्फो स्थित प्रेरितिक प्रासाद के झरोखे से सन्त पापा फ्राँसिस ने देवदूत प्रार्थना का नेतृत्व किया। प्रार्थना के उपरान्त उन्होंने मिस्र में जारी हिंसा पर गहन चिन्ता व्यक्त की तथा वार्ताओं द्वारा सभी समस्याओं को सुलझाने का आह्वान किया।
नागरिकों एवं प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षा बलों की दमन कार्रवाई पर उन्होंने गहन दुख व्यक्त किया तथा शीघ्रातिशीघ्र हिंसा समाप्त करने की अपील की।
सन्त पापा ने कहा, "दुर्भाग्यवश मिस्र से दुखद समाचार मिले हैं। मैं हिंसा के शिकार सभी लोगों, उनके परिवारों, समस्त घायलों एवं पीड़ितों को अपनी प्रार्थनाओं का आश्वासन देता हूँ। हम सब मिलकर उस प्रिय राष्ट्र एवं सम्पूर्ण विश्व में शांति, वार्ता एवं पुनर्मिलन के लिये प्रार्थना करें। शांति की रानी, मरियम, हमारे लिये प्रार्थना करें।"
ग़ौरतलब है कि मिस्र की सैन्य सरकार द्वारा मुस्लिम ब्रदरहुड के समर्थकों के कैंपों को हटाने की दमनात्मक कार्रवाई में कम से कम 638 लोगों की मौत हो चुकी है, हालाँकि मुस्लिम ब्रदरहुड का कहना है कि मरने वालों की संख्या इससे कहीं अधिक है।
मिस्र में आपातकाल लागू है और पुलिस को अधिकार दे दिए गए हैं कि वह अपनी सुरक्षा के लिए हथियारों का प्रयोग कर सकती है जिससे सम्पूर्ण देश में और अधिक हिंसा की आशंका बढ़ गई है।









All the contents on this site are copyrighted ©.