2013-08-14 12:29:06

बैंगलोरः गुरुकुल प्रार्चाय हत्या मामले में गुरुकुल के चार पुरोहित निलम्बित


बैंगलोर, 14 अगस्त सन् 2013 (ऊका समाचार): बैंगलोर में सेन्ट पीटर्स परमधर्मपीठीय गुरुकुल ने, गुरुकुल प्रार्चाय फादर के.जे.थॉमस की हत्या की जाँचपड़ताल के बीच गुरुकुल के चार पुरोहितों को निलम्बित कर दिया है। इनमें गुरुकुल के आध्यात्मिक मार्गदर्शक फादर जे. जोसफ, पूर्व प्राचार्य फादर सबेस्टियन पेरियानन, कलीसियाई इतिहास के प्राध्यापक फादर लूर्द प्रसाद तथा प्रबन्धक फादर पैट्रिक ज़ेवियर शामिल हैं।
गुरुकुल के अध्यक्ष फादर ए. रायाप्पन ने ऊका समाचार को बताया कि जाँच पड़ताल को निष्पक्ष रखने के लिये ऐसा किया गया।
इस वर्ष पहली अप्रैल को गुरुकुल प्राचार्य फादर के.जे.थॉमस का रक्तरंजित शव उनके कमरे से बरामद किया गया था। हत्या की जाँच में संलग्न पुलिस ने 03 अगस्त को गुरुकुल से आग्रह किया था कि "जाँच पड़ताल में मदद" हेतु वह उक्त चार पुरोहितों को गुरुकुल से हटा दे।
एक वरिष्ठ जाँच कर्त्ता ने इस बात की पुष्टि की है कि हत्या वाली रात को चारों पुरोहित गुरुकुल में थे। उन्होंने कहा कि वे इन पुरोहितों को अलग रखना चाहते हैं ताकि वे एक दूसरे से बात न कर पायें। उन्होंने बताया कि चारों पुरोहितों पर निगरानी की जा रही है।
दो सप्ताहों पूर्व पुलिस ने फादर पैट्रिक ज़ेवियर का नार्कों टेस्ट किया तथा इसके बाद कहा था कि फादर ज़ेवियर जानते हैं कि किसने हत्या की हालांकि उनका मानना है कि फादर ज़ेवियर का इस मामले से प्रत्यक्ष सम्बन्ध नहीं है।










All the contents on this site are copyrighted ©.