2013-07-31 12:14:57

दमिश्कः येसु धर्मसमाजी पुरोहित के अपहरण की सम्भावित ख़बरों से प्रेरितिक राजदूतावास स्तब्ध


दमिश्क, 31 जुलाई सन् 2013 (एशियान्यूज़): सिरिया में सेवारत, इटली के येसु धर्मसमाजी पुरोहित फादर पाओलो दाल ऑग्लियो के अपहरण का समाचार सुनने के उपरान्त दमिश्क स्थित परमधर्मपीठीय राजदूतावास ने आश्चर्य एवं दुख व्यक्त किया है। अपहरण की पुष्टि नहीं हुई है।
सिरिया में सेवारत परमधर्मपीठीय राजदूत महाधर्माध्यक्ष मारियो ज़ेन्नारी ने एशियान्यूज़ से कहा, "सामान्य तौर पर हम टेलीफोन पर बात करते हैं किन्तु कई दिनों उनसे बात नहीं हो पाई और अब उनके सम्भावित अपहरण की ख़बरें मिल रही है जिससे हम चिन्तित हैं।"
इटली का विदेश मंत्रालय भी इस समाचार की जाँच कर रहा है।
कुछेक समाचार एजेन्सियों के अनुसार, फादर पाओलो विद्रोहियों द्वारा नियंत्रित सिरिया के उत्तरी क्षेत्र गये थे जहाँ रूढ़ीवादी मुसलमानों द्वारा, रक्का नामक जगह पर उनका अपहरण कर लिया गया।
महाधर्माध्यक्ष ज़ेन्नारी ने कहा कि इस समाचार को सुन वे आश्चर्यचकित हैं क्योंकि फादर पाओलो उन क्षेत्रों से वाकिफ़ थे तथा विद्रोही भी उनका सम्मान करते हैं।
सन् 1982 से, 58 वर्षीय येसु धर्मसमाजी पुरोहित फादर पाओलो दाल ऑग्लियो सिरिया में सेवारत थे।








All the contents on this site are copyrighted ©.