2013-06-26 11:39:23

हानोईः वियतनामी काथलिक कार्यकर्त्ता ने शुरू की भूख हड़ताल


हानोई, 26 जून सन् 2013 (एशियान्यूज़): वियतनाम में देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार एक काथलिक कार्यकर्त्ता ने कारावास की दयनीय स्थिति का विरोध करते हुए भूख हड़ताल शुरु कर दी है।
काथलिक कार्यकर्त्ता ट्रान मिन नाह्ट को जनवरी माह में गिरफ्तार कर चार साल कारावास की सज़ा सुनाई गई थी। काथलिक कार्यकर्त्ता ट्रान पर आरोप था कि वे वियतनाम में प्रतिबन्धित विपक्षी दल "वियत तान" से सम्बन्ध रखते थे।
कारावास में पढ़ने के लिये धार्मिक साहित्य तथा सन्त जीवनी आदि देने से इनकार करने के बाद ट्रान ने अनशन की घोषणा कर दी। क़ैदियों ने बताया कि कारावास की दयनीय स्थिति के विरोध में भी 21 जून से काथलिक कार्यकर्त्ता ट्रान अनशन पर है।
ट्रान को 13 अन्य काथलिक कार्यकर्त्ताओं के साथ गिरफ्तार किया गया था। ये सभी विद्यार्थी एवं बलॉगर्स थे जिन्होंने वियतनाम में धार्मिक स्वतंत्रता के अभाव एवं राजनैतिक दमन के बारे में अपने ब्लॉग्स पर बताया था।
एशियान्यूज़ के अनुसार कारावास के अधिकारियों ने धन्य सन्त पापा जॉन पौल द्वितीय तथा वियतनामी कार्डिनल स्व. नूएन वान थुआन की जीवनी देने से इनकार कर दिया था। इसी के बाद ट्रान ने कारावास में मानवाधिकारों के उल्लंघन के प्रति विश्व का ध्यान आकर्षित करने के लिये अनशन शुरु कर दिया।








All the contents on this site are copyrighted ©.