2013-06-15 11:23:49

वाटिकन सिटीः परमधर्मपीठ एवं वियतनाम ने किया सम्बन्धों का पुनरावलोकन


वाटिकन सिटी, 15 जून सन् 2013 (सेदोक): रोम में 13 एवं 14 जून को वियतनाम एवं वाटिकन के अधिकारियों के बीच विचार विमर्श के बाद परमधर्मपीठ तथा वियतनाम ने एक संयुक्त वकतव्य प्रकाशित कर धार्मिक स्वतंत्रता के प्रति सम्मान तथा विभिन्न धर्मों द्वारा राष्ट्र निर्माण पर बल दिया।
संयुक्त वकतव्य में कहा गया कि "मैत्री, सौहार्द्र, निष्कपटता तथा आपसी सम्मान के वातावरण में विचार विमर्श किया गया जिसमें दोनों पक्षों ने अपनी अपनी बात रखी।" बैठक में परमधर्मपीठ एवं वियतनाम के बीच विद्यमान सम्बन्धों का पुनरावलोकन किया गया, सम्बन्धों को सुधारने हेतु सुझाव रखे गये तथा, विशेष रूप से, वियतनाम में काथलिक कलीसिया की स्थिति पर बातचीत की गई।
वकतव्य में कहा गया कि वाटिकन ने वियतनामी अधिकारियों के समक्ष स्पष्ट कर दिया है कि वियतनामी कलीसिया की प्रेरिताई हेतु वियतनाम में स्थायी प्रेरितिक राजदूत की आवश्यकता है। दूसरी ओर वियतनाम अपेक्षा करता है कि वियतनाम के काथलिक धर्मानुयायी राष्ट्र के निर्माण तथा सामाजिक-आर्थिक विकास में सक्रिय योगदान प्रदान करें।
13 एवं 14 जून को सम्पन्न बैठक वियतनाम एवं वाटिकन के अधिकारियों के बीच सम्पन्न चौथी द्विपक्षीय बैठक थी।










All the contents on this site are copyrighted ©.