कोलोम्बोः वेसाख महोत्सव पर श्री लंका में प्रार्थना एवं समारोहों का आयोजन
कोलोम्बो, 22 मई सन् 2013 (एशियान्यूज़): श्री लंका में इन दिनों बौद्ध महापर्व वेसाख
के उपलक्ष्य में 21 से 27 मई तक प्रार्थनाओं एवं समारोहों का आयोजन किया गया है। वेसाख
के उपलक्ष्य में समस्त सरकारी भवनों पर बौद्ध धर्म के झण्डे फहराये गये हैं तथा लालटेनों
एवं पारम्परिक साज सज्जा के साथ सड़कों को सजाया गया है। वेसाख महापर्व, बौद्ध धर्मानुयायियों
का प्रमुख पर्व है जो महात्मा बुद्ध के जन्म, उनके जीवन, ज्ञानोदय एवं निधन के स्मरणार्थ
मनाया जाता है। इस वर्ष श्री लंका की सरकार ने बौद्ध धर्मानुयायियों से आग्रह किया
है कि वे अपने अपने घरों एवं सड़कों पर बौद्ध पताकाएँ फहराकर महोत्सव का वातावरण तैयार
करें। जगह जगह बड़े बड़े मण्डप लगाये गये हैं जहाँ एक सप्ताह तक प्रार्थनाएँ जारी हैं
तथा निर्धनों के लिये भण्डारे लगाये गये हैं। 25 मई को वेसाख महापर्व के दिन श्री
लंका के मोनारागाला ज़िले स्थित प्रमुख बौद्ध विहार में महोत्सव मनाया जायेगा जिसमें
प्रधान मंत्री जयरत्ने, ऊवा प्रान्त के मुख्य मंत्री शाशिन्द्रा राजपक्षा तथा धार्मिक
मामलों के मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। इसी प्रकार के समारोहों का आयोजन श्री
लंका के कोलोम्बो, केण्डी तथा अनुराधापुर में भी किया गया है। वेसाख महापर्व
के उपलक्ष्य में वाटिकन स्थित अन्तरधार्मिक वार्ता सम्बन्धी परमधर्मपीठीय समिति ने भी
अपना विशेष सन्देश भेजकर समस्त बौद्ध धर्मानुयायियों के प्रति हार्दिक शुभकामनाएँ व्यक्त
की हैं। इस सन्देश में विभिन्न धर्मों के लोगों के बीच मैत्री एवं प्रेम को बढ़ावा देने
का आग्रह किया गया है।