2013-05-13 13:05:17

वाटिकन सिटीः परमधर्मपीठीय वार्षिकी 2013 सन्त पापा के समक्ष प्रस्तुत


वाटिकन सिटी, 13 मई सन् 2013 (सेदोक): वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल तारचिसियो बेरतोने तथा परमधर्मपीठ के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने, सोमवार 13 मई को, सन् 2013 की परमधर्मपीठीय वार्षिकी सन्त पापा फ्राँसिस के समक्ष प्रस्तुत की।
परमधर्मपीठीय वार्षिकी के साथ साथ सोमवार को ही सन् 2011 तक की कलीसियाई वार्षिकी का भी प्रस्तुतिकरण किया गया।
परमधर्मपीठीय वार्षिकी के अनुसार सन् 2012 में विश्व में 11 नये धर्मप्रान्तों तथा सात प्रेरितिक क्षेत्रों की रचना की गई। धर्माध्यक्षों की संख्या सन् 2010 में 5,104 थी जो सन् 2011 में बढ़कर 5.132 हो गई।
विश्व में काथलिक धर्मानुयायियों की संख्या सन् 2011 में एक अरब 19 लाख 96 हज़ार से सन् 2012 में एक अरब 21 लाख 40 हज़ार हो गई है। वार्षिकी के अनुसार अफ्रीका में काथलिक धर्मानुयायियों की संख्या में 4.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि एशिया में दो प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। अमरीका एवं यूरोप में काथलिकों की संख्या ज्यों कि त्यों रही।
पुरोहितों एवं धर्मबहनों की संख्या में विगत दस वर्षों में 2.1 प्रतिशत वृद्धि हुई। ये वृद्धि एशिया एवं अफ्रीका में ही देखी गई जबकि यूरोप, अमरीका एवं ओसियाना के देशों में यह संख्या घटती चली गई है।









All the contents on this site are copyrighted ©.