2013-05-07 11:40:31

म्यानमारः मुसलमान विरोधी आक्रमणों के बाद महाधर्माध्यक्ष शांति का किया आह्वान


म्यानमार, 07 मई सन् 2013 (ऊका समाचार): उत्तरी म्यानमार के काछिन प्रान्त में विगत सप्ताह के मुसलमान विरोधी आक्रमणों के उपरान्त याँगून के काथलिक महाधर्माध्यक्ष चार्ल्स बो ने शुक्रवार को एक वकतव्य जारी कर शांति की अपील की है।
म्यानमार के मुसलमान एवं बौद्ध धर्मानुयायियों से अपील कर महाधर्माध्यक्ष बो ने कहा कि देश के अधिकांश सहिष्णु लोग साम्प्रदायिक हिंसा की समाप्ति चाहते हैं।
उन्होंने अपने वकतव्य में कहा, "मैं इस बात के प्रति अत्यधिक चिन्तित हूँ कि हाल में हुई हिंसा यदि जारी रही तो अभी अभी मिली हमारी कमज़ोर स्वतंत्रता हमसे छीन ली जायेगी तथा म्यानमार घृणा, हिंसा एवं उथल पुथल के दूषित चक्र में फँस जायेगा।"
उत्तरी याँगून के ओक्कान एवं मैखतिला नगरों में हिंसा से प्रभावित हुए समुदायों की रक्षा हेतु महाधर्माध्यक्ष बो ने सरकार का आह्वान किया कि वह हिंसा को रोकने के लिये ठोस कदम उठाये।
मार्च में जारी एक विडियो में दर्शाया गया था कि मैखतिला नगर में बौद्ध धर्मानुयायी मुसलमानों के आवासों एवं उनकी दूकानों को आग के हवाले कर रहे थे जबकि पुलिस चुपचाप देख रही थी। इस विडियो के जारी होने के बाद म्यानमार के सुरक्षा बलों की कड़ी आलोचना होती रही है।
महाधर्माध्यक्ष बो ने जाति और धर्म का भेद किये बिना म्यानमार के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे हिंसा और घृणा का परित्याग करें तथा शांतिपूर्ण सहअस्तित्व पर आधारित म्यानमार के निर्माण में योगदान प्रदान करें।








All the contents on this site are copyrighted ©.