2013-04-01 16:12:21

संत पीटर्स सेमिनरी में फादर की निर्मम हत्या


बंगलोर, सोमवार, 1 अप्रैल, 2013 (कैथन्यूज़) बंगलोर के संत पीटर्स पोन्तिफिकल सेमिनरी परिसर में रविवार 31 मार्च की रात रहस्यात्मक रूप से फादर केजे थोमस की हत्या ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है। ह्त्या के कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस इसकी तलाश कर रही है।

बंगलोर के यशवन्तपुर इलाक़े में अवस्थित इस सेमिनरी में फादर केजे थोमस को दूसरी बार रेक्टर होने की ज़िम्मेदारी दी गयी थी।

ज्ञात हो कि बंगलोर के यशवन्तपुर में अवस्थित यह सेमिनरी यशवन्तपुर पुलिस थाना के बहुत करीब है।

पुलिस के अनुसार फादर केजे थोमस की हत्या रात्रि के करीब 2 और तीन बजे प्रातः की गयी। सेमिनरी के एक अन्य अधिकारी फादर प्रोक्यूरेटर ने रात में कुछ हल्ला-गुल्ला सुना था पर उन्हे हत्याकांड का कोई आभास नहीं मिला।

पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार ने इस बात की जानकारी दी कि फादर थोमस की हत्या करने के बाद उनके सिर को पत्थर से कुचल दिया गया था और उसके शव को घसीट कर सेमिनरी के भोजनालय में फेंक दिया गया था।

घटना की ख़बर मिलते ही बंगलोर के महाधर्माध्य बेरनार्ड मोरास और विकर जेनरल अंतोनीस्वामी घटनास्थल पर गये और उन्होंने घटना की कड़ी निन्दा की है। उन्होंने कहा, "अल्पभाषी, धर्मी फादर थोमस की बर्बरतापूर्ण हत्या अति निन्दनीय है।"

विदित हो केरल निवासी मृदुभाषी फादर केजे थोमस की लोकप्रियता का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्हें दूसरी बार सेमिनरी का रेक्टर बनाया गया था।

उन्होंने विगत 30 सालों से सेमिनरी के प्रशिक्षुणों के प्रशिक्षण में अपना योगदान दिया था।

65 वर्षीय फादर केजे थोमस के शव को पोस्ट मोर्टम के लिये निकटवर्ती एम. एस. रमाइयाह अस्पताल लिया गया और बाद में उस शवगृह में रखा जायेगा।

अमेरिका से फादर केजे थोमस के भाई और भतीजे के पहुचने के बाद उनके दफ़न क्रिया के लिये जगह और समय निश्चित किया जा सकेगा।










All the contents on this site are copyrighted ©.