2013-01-25 12:17:36

वाटिकन सिटीः कार्डिनल ग्लेम्प के निधन पर सन्त पापा ने भेजा शोक सन्देश


वाटिकन सिटी, 25 जनवरी सन् 2013 (सेदोक): पोलैण्ड के सेवानिवृत्त कार्डिनल ग्लेम्प के निधन पर सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने एक शोक सन्देश प्रेषित कर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धान्जलि अर्पित की।
23 जनवरी को 83 वर्षीय कार्डिनल जोसफ ग्लेम्प का देहान्त वॉरसो के अस्पताल में हो गया था। विगत एक वर्ष से वे कैंसर रोग से जूझ रहे थे।
कार्डिनल ग्लेम्प साम्यवाद के अन्तिम वर्षों तथा प्रजातंत्रवाद के प्रतिष्ठापन के समय पोलैण्ड की काथलिक कलीसिया के धर्माधिपति थे जिनकी भूमिका देश में धार्मिक स्वतंत्रता एवं मानवाधिकारों की बहाली हेतु अहं रही थी।
कार्डिनल ग्लेम्प के निधन पर पोलैण्ड के काथलिकों को शोक सन्देश प्रेषित कर सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने कहा, "ईश्वर एवं मानव के प्रति कार्डिनल ग्लेम्प का प्रेम गहन था, जो उनके लिये, उनकी प्रेरिताई के कठिन समय में प्रकाश, प्रेरणा एवं मज़बूती का स्रोत बना तथा जिसने पोलैण्ड तथा यूरोप के महत्वपूर्ण सामाजिक एवं राजनैतिक रूपान्तरण के दौर में उन्हें सम्बल प्रदान किया।"
सन्त पापा ने याद किया कि कार्डिनल ग्लेम्प के अन्तिम दिन पीड़ा से चिन्हित थे जिन्हें उन्होंने शांति एवं धैर्य के साथ सहा। तार सन्देश में सन्त पापा ने लिखाः "व्यक्तिगत रूप से मैंने, पोलैण्ड एवं विश्वव्यापी कलीसिया के प्रति उनकी भलाई, उदारता, सरलता एवं उनके समर्पण को सदैव सराहा। मेरी स्मृति तथा मेरी प्रार्थनाओं में उनकी याद ऐसी ही बनी रहेगी।"
18 दिसम्बर सन् 1929 ई. को कार्डिनल ग्लेम्प का जन्म पोलैण्ड में हुआ था। सन् 1956 ई. में वे पुरोहित अभिषिक्त हुए थे। रोम में उन्होंने लातेरान परमधर्मपीठीय विश्वविद्यालय तथा ग्रेगोरियन परमधर्मपीठीय विश्वविद्यालय से नागर एवं कलीसियाई विधान में डॉक्टरेड की उपाधियां प्राप्त की थी। सन् 1979 में वे धर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये थे तथा बाद में वॉरसो के कार्डिनल स्तेफान विसिन्स्की के सचिव नियुक्त किये गये थे। सन् 2006 तक कार्डिनल ग्लेम्प वॉरसो के महाधर्माध्यक्ष थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई बार धन्य सन्त पापा जॉन पौल द्वितीय की तथा सन् 2006 में सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें की पोलैण्ड प्रेरितिक यात्राओं की मेज़बानी की थी।
कार्डिनल जोसफ ग्लेम्प के निधन के बाद कार्डिनलमण्डल में अब 210 सदस्य रह गये हैं जिनमें से 119 कार्डिनल, 80 वर्ष की आयु से कम उम्र वाले होने के कारण भावी सन्त पापा के चुनाव में मतदान के योग्य हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.