2012-12-31 14:02:21

पिछले दशक में 281 और वर्ष 2012 में 12 मिशनरीस मारे गये


वाटिकन सिटी, 31 दिसंबर, 2012 (वीआर, अंग्रेज़ी,फीदेस) वर्ष 2012 में काथलिक कलीसिया के 12 विश्वासियों ने अपनी प्रेरिताई कार्य करते हुए अपने जीवन का बलिदान कर दिया।

उक्त बात की जानकारी देते हुए फीदेस समाचार सूत्रों ने बतलाया कि जिन 12 मिशनरियों ने लोगों की सेवा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान कर दिया उनमें 10 पुरोहित एक धर्मसमाजी और एक लोकधर्मी शामिल है।

ग़ौरतलब है कि यह लगातार चौथा वर्ष है जब अमेरिका में मेषपालीय कार्य करते हुए पुरोहितों ने अपना जीवन दे दिया। वर्ष 2012 में अमेरिका मे मरनेवालों की संख्या 6 है। अफ्रीका में तीन पुरोहित और एक धर्मबहन को अपना जीवन गँवाना पड़ा। उधर एशिया में एक पुरोहित और एक लोकधर्मी महिला ने लोगों की सेवा करते हुए प्रभु को प्यारी हो गयी।

यह भी ध्यान देने योग्य बात है कि अमेरिका में जिन पुरोहितों की मृत्यु हो गयी है उनमें अधिकतर लोगों की मृत्यु डकैती के दौरान हुई और कुछ लोगों की मृत्यु सड़क दुर्घटनाओं में हुई।

नाईजीरिया में एक ऐसी भी घटना घटी जिसमें फादर अनास्तासियुस नशेरेगुजी की मौत उस समय हो गयी जब उन्होंने आपसी झगड़े में उलझे युवाओं के दो दलों को शांत करने का प्रयास किया।

उधर दक्षिण फिलीपींस में कोनचित फ्रांसिस्को नामक महिला को बोनगाव के महागिरजाघर के समीप कुछ अज्ञात बंदुकधारियों ने गोली मार दी।

विदित हो फीदेस में उपलब्ध जानकारी के अनुसार सन् 2001 से लेकर सन् 2011 तक 281 प्रेरितिक कार्य करने वालों ने अपने जान गँवाये। इसके पूर्व के नब्बे के दशक में 604 मिशनरीस मारे गये थे।








All the contents on this site are copyrighted ©.