2012-12-26 11:11:24

हैदराबादः आन्ध्रप्रदेश गिरजाघर को मिला बेज़ीलीका का सम्मान


हैदराबाद, 26 दिसम्बर सन् 2012 (ऊका समाचार): सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने आन्ध्रप्रदेश के सिकन्दराबाद स्थित सेन्ट मेरीज़ काथलिक गिरजाघर को लघु बेज़ीलीका घोषित कर प्रतिष्ठापित किया है।
आन्ध्रप्रदेश का सेन्ट मेरीज़ गिरजाघर राज्य का एकमात्र लघु बेज़ीलीका है। भारत में लघु बेज़ीलीका घोषित 16 काथलिक गिरजाघर हैं।
हैदराबाद के महाधर्माध्यक्ष थुम्मा बाला ने इसे हर्ष और उल्लास का महान क्षण बताया और कहा कि यह सम्पूर्ण महाधर्मप्रान्त तथा राज्य के लोगों के लिये भी गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा, "सेन्ट मेरीज़ गिरजाघर के धार्मिक महत्व को ऊँचा उठाया गया है जिसके लिये वे अत्यधिक प्रसन्न हैं।" उन्होंने कहा कि उक्त गिरजाघर ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण है तथा हाल के दशकों में यह आन्ध्रप्रदेश के लिये एक अर्थपूर्ण तीर्थयात्री एवं आध्यात्मिक केन्द्र रहा है।
गिरजाघर का निर्माण 150 वर्षों पूर्व, सन् 1854 ई. में, ब्रिटिश सेना में कार्यरत काथलिक सैनिकों की प्रेरिताई के लिये, फादर डेनिएल मरफी द्वारा करवाया गया था।
बेज़िलीका काथलिक तीर्थस्थल होते हैं जिनकी रचना सन्त पापा द्वारा घोषित एक आज्ञप्ति से की जाती है। विश्व के कुछेक खास काथलिक तीर्थों को लघु बेज़ीलीका तथा गुरु बेज़ीलीका का दर्ज़ा प्रदान किया गया है। काथलिक कलीसिया के गढ़ रोम में चार गुरु बेज़ीलिका या महागिरजाघर हैं जबकि लघु बेज़ीलीका विश्व के विभिन्न भागों में विस्तृत हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.