2012-12-17 14:46:18

शांति और मेल-मिलाप के प्रतीक थे संत पापा के राजदूत मदथा


मंगलोर, 17 दिसंबर, 2012 (कैथन्यूज़) आइवरी कोस्ट में संत पापा के राजदूत महाधर्माध्यक्ष अम्ब्रोस मदथा के पार्थिव शरीर को कर्नाटक के मंगलोर के बेलतंघडी में शनिवार 15 दिसंबर को दफ़ना दिया गया।
आइवरी कोस्ट में संत पापा के नुनसियो 57 वर्षीय महाधर्माध्यक्ष अम्ब्रोस की मृत्यु 8 दिसंबर को एक कार दुर्घटना में हो गयी थी।
बेलतनघडी के ‘होली रिडीमर’ पल्ली में आइवरी कोस्ट के एक विशेष प्रतिनिधिमंडल सहित करीब 3,500 लोगों ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर आइवरी कोस्ट के प्रतिनिधिमंडल के एक मुस्लिम नेता इमाम दोस्सो ने कहा, "आइवरी कोस्ट में संत पापा के राजदूत के रूप में महाधर्माध्यक्ष मदथा ने विभिन्न धर्मों के बीच एक सेतु का काम किया।"
उन्होंने बतलाया कि एक बार जब एक ख्रीस्तीय ने कुरान जला दिया था महाधर्माध्यक्ष मदथा ने कुरान की 120 प्रतियाँ छपवाकर बाँट दी थी।
उन्होंने कहा,"संत पापा के राजदूत शांति और मेलमिलाप के प्रतीक थे इसी लिये उन्होंने उनकी दफ़न क्रिया में शामिल होने का निर्णय किया।"
विदित हो धन्य संत पापा जोन पौल द्वितीय की दफ़न क्रिया के समय में महाधर्माध्यक्ष मदथा ने राजनीतिक रूप से वाटिकन से कटे तइवान के राष्ट्रपति चेन शुइबियान के वाटिकन आने का मार्ग प्रशस्त किया था।












All the contents on this site are copyrighted ©.