2012-12-12 19:17:15

महाधर्माध्यक्ष अम्ब्रोस मदथा का शव शुक्रवार तक भारत पहुंचने की उम्मीद


आइवरी कोस्ट 12 दिसम्बर 2012 (ऊकान) अफ्रीका देश आइवरी कोस्ट में वाटिकन के राजदूत रहे मान्यवर महाधर्माध्यक्ष अम्ब्रोस मदथा का 8 दिसम्बर को एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। उनका शव शुक्रवार को भारत पहुंचने की उम्मीद की जा रही है।
मंगलोर धर्मप्रांत के तहत बेलथांगडी में होली रिडीमर चर्च में दिवंगत महाधर्माध्यक्ष की अंत्येष्टि धर्मविधि का आयोजन किया जायेगा। फादर जेम्स डिसूजा ने कहा कि आइवरी कोस्ट में औपचारिकताएं पूरी होनी शेष हैं लेकिन जिस दिन महाधर्माध्यक्ष का शव पहुँचेगा उसी दिन अंत्येष्टि धर्मविधि सम्पन्न की जायेगी।
महाधर्माध्यक्ष मदथा का घटनास्थल पर ही निधन हो गया जब वे 8 दिसम्बर को उत्तर पश्चिमी शहर ओदियेने से वापस लौट रहे थे। उनकी कार की एक अन्य वाहन से सीधी टक्कर हो गयी। फादर डिसूजा ने कहा कि मान्यवर महाधर्माध्यक्ष मदथा सरल सादा जीवन जीते थे और जागरूक इंसान थे। बेलथांगडी में स्कूली शिक्षा समाप्त करने के बाद सन 1982 में वे पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। वे सन 1990 में वाटिकन के राजदूत नियुक्त किये गये थे। उन्होंने घाना, अफ्रीका, अर्जेन्टीना, एल साल्वाडोर, अल्बानिया, दक्षिण अमेरिका तथा ताईवान में काम किया था।








All the contents on this site are copyrighted ©.