2012-11-22 16:48:47

फादर सेद्रिक प्रकाश ये.स. को आउटस्टैंडिंग अचीवमेंट अवार्ड


वाशिंगटन 22 नवम्बर 2012 (ऊकान) सामाजिक न्याय और मानवाधिकारों के प्रसार के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने के लिए अमरीका के एक शहर ने एक भारतीय पुरोहित को आउटस्टैंडिंग अचीवमेंट अवार्ड देकर सम्मानित किया है।

अमरीका के इलिनोइस में हारवे शहर के नगराध्यक्ष, मेयर केलोग ने भारत के गुजरात राज्य की राजधानी अहमदाबाद में स्थित प्रशांत नामक मानवाधिकार केन्द्र के निदेशक फादर सेद्रिक प्रकाश को सोमवार को आउटस्टैंडिंग एचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया। येसु समाजियों द्वारा संचालित यह केन्द्र मानवाधिकार, न्याय और शांति के लिए कार्य करता है।

मेयर केलोग ने मानवता की भलाई तथा गरीबों और विशेष रूप से गुजरात में साम्प्रदायिक हिंसा के शिकार हुए लोगों को न्याय दिलाने के संघर्ष में फादर प्रकाश द्वारा अर्पित विशिष्ट सेवा का स्मरण किया। उन्होंने स्मरण किया कि गुजरात में सन 2002 के दंगे में एक हजार से अधिक लोग मारे गये थे जिन्में अधिकांश मुसलमान थे। फादर प्रकाश ने अपनी जान के लिए खतरा होने पर भी दंगे के शिकार हुए लोगों की सहायता की। उनके काम ने सहानुभूति, निस्वार्थ सेवा तथा मानवता के लिए बंधुत्व की गहन भावना के अस्तित्व को प्रमाणित किया।

फादर सेद्रिक प्रकाश ने पुरस्कार ग्रहण करते हुए कहा कि यह सम्मान याद दिलानेवाला है कि जबतक न्याय नहीं मिल जाता है तबतक हममें से किसी को भी चुपचाप नहीं रहना चाहिए।








All the contents on this site are copyrighted ©.