2012-11-08 12:56:46

वाटिकन सिटीः दीपावली सन्देश में वाटिकन ने शांति की शिक्षा पर दिया बल


वाटिकन सिटी, 08 नवम्बर, सन् 2012 (सेदोक): विश्व के हिन्दु धर्मानुयायियों के नाम एक सन्देश प्रकाशित कर, वाटिकन की अन्तरधार्मिक वार्ता सम्बन्धी परमधर्मपीठीय परिषद ने, दीपावली महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।
दीपावली महोत्सव, इस वर्ष, 13 नवम्बर को मनाया जा रहा है। वाटिकन द्वारा विभिन्न भाषाओं में प्रकाशित दीपावली सन्देश में शांति की स्थापना के लिये युवा पीढ़ियों के प्रशिक्षण पर बल दिया गया है।
युवाओं में शांति एवं सदभावना को प्रोत्साहन देने हेतु सन्देश में इस बात पर बल दिया गया है कि शांति का अर्थ केवल युद्ध की अनुपस्थिति नहीं है बल्कि वह उदारता का फल है इसलिये आरम्भ ही से परिवारों एवं शिक्षण संस्थाओं में बच्चों को, अन्यों के प्रति, उदारता का पाठ सिखाया जाये। साथ ही, यह आग्रह भी किया गया कि शांति पर दी जानेवाली शिक्षा में सांस्कृतिक मतभेदों को ख़तरे के रूप में नहीं अपितु समृद्धि की दृष्टि से देखा जाये।
परिवार को शांति की प्रथम पाठशाला एवं माता पिता को प्राथमिक शिक्षक निरूपित कर सन्देश में उनसे आग्रह किया गया है कि वे बच्चों और युवाओं के लिये आदर्श बनें तथा उनमें परस्पर विश्वास, सम्मान, समझदारी, श्रवण, भागीदारी, देखभाल तथा क्षमा के बीज बोएं। इस तथ्य पर बल दिया गया कि मैत्री, भागीदारी, न्याय, शांति एवं अखण्ड मानवीय विकास को प्रोत्साहित करने के लिये इस प्रकार की शिक्षा सभी वयस्कों का नैतिक दायित्व है।











All the contents on this site are copyrighted ©.