2012-10-31 12:20:41

वाटिकन सिटीः सन्त पापा जॉन पौल प्रथम के जन्म की पहली शताब्दी पर विशिष्ट कार्यक्रम


वाटिकन सिटी, 31 अक्टूबर सन् 2012 (ज़ेनित): इटली के वेनिस शहर में, मंगलवार को, भव्य ख्रीस्तयाग समारोह द्वारा, आल्बीनो लूच्यानी यानि सन्त पापा जॉन पौल प्रथम के जन्म की शताब्दी मनाई गई। सन् 1969 ई. से सन् 1978 ई. तक सन्त पापा जॉन पौल प्रथम वेनिस के प्राधिधर्माध्यक्ष थे।
"हँसमुख सन्त पापा" शीर्षक से विख्यात हुए सन्त पापा जॉन पौल प्रथम का परमाध्यक्षीय काल केवल 33 दिन का रहा था किन्तु इतिहास में उन्होंने अपनी अमिट छाप छोड़ दी। 26 अगस्त, सन् 1978 को वे काथलिक कलीसिया के परमाध्यक्ष नियुक्त किये गये थे तथा 28 सितम्बर, सन् 1978 ई. को उनका निधन हो गया था। उनकी धन्य घोषणा की प्रक्रिया सन् 2003 में आरम्भ हुई थी।
मंगलवार को वेनिस के प्राधिधर्माध्यक्ष फ्राँचेस्को मोरालिया ने, शहर के सन्त मार्क महागिरजाघर में, ख्रीस्तयाग अर्पित किया। इसके अतिरिक्त, स्व. सन्त पापा जॉन पौल प्रथम के स्मरणार्थ भक्तिगीतों एवं धार्मिक संगीत का एक कार्यक्रम सम्पन्न हुआ जिसके बीच बीच में सन्त पापा जॉन पौल प्रथम के लेखों से पाठ पढ़े गये।








All the contents on this site are copyrighted ©.