29 सितम्बर को काथलिक कलीसिया मिखाएल, गाब्रिएल
एवं राफायल महादूतों का पर्व मनाती है। सामान्यतः उच्च स्तर के दूतों को महादूतों
का शीर्षक प्रदान किया गया है जिनकी संख्या सात बताई जाती है किन्तु ख्रीस्तीय धर्म में
तीन महादूतों: मिखाएल, गाब्रिएल एवं राफाएल को महादूत कहा गया है।
मिखाएल का
अर्थ होता है, "ईश्वर के सदृश"। मिखाएल महादूत भले दूतों की सेना के नायक थे जिन्होंने
स्वर्ग के द्वन्द में ईश्वर का विरोध करनेवाले दुष्ट दूतों के नायक लूसीफर या शैतान तथा
उसके अनुयायियों को पराजित किया था। पवित्र धर्मग्रन्थों में सन्त मिखाएल या माईकिल को
स्वर्ग के "मुख्य राजकुमारों में से एक" तथा नारकीय शक्तियों पर विजय पाने वाले स्वर्गिक
सेना का नायक कहा गया है। प्रेरितों के युग से ही सन्त मिखाएल को संरक्षक एवं रक्षक घोषित
किया गया है।
ग्रीक आचार्यों ने सन्त मिखाएल को सभी स्वर्गदूतों का नायक तथा
सेराफिम के राजकुमार की संज्ञा दी है। मिखाएल महादूत अथवा सन्त माईकिल विक्रेताओं, समुद्री
कार्यकर्त्ताओं तथा पुलिस कर्मियों के संरक्षक सन्त हैं। भय भूतों से रक्षा के लिये सन्त
माईकिल को पुकारा जाता है।
गाब्रिएल महादूत अथवा सन्त गाब्रिएल सम्प्रेषण माध्यम
क्षेत्र में कार्यरत लोगों के संरक्षक घोषित किये गये हैं। ग्राब्रिएल का अर्थ होता है
"ईश पुरुष"। प्राचीन व्यवस्थान में गाब्रिएल का अर्थ "ईश्वर मेरी शक्ति" बताया गया है।
गाब्रिएल वे महादूत है जो मनुष्यों के लिये ईश्वर के सन्देशवाहक हैं। प्राचीन व्यवस्थान
में गाब्रिएल, नबी दानिएल के समक्ष प्रकट हुए तथा उन्हें उनके दर्शनों का अर्थ समझाया।
नवीन व्यवस्थान में गाब्रिएल ने जखारियस को दर्शन देकर सन्त योहन बपतिस्ता के जन्म के
बारे में बताया तथा अन्ततः, मरियम को गाब्रिएल महादूत ने दर्शन देकर प्रभु का सन्देश
उन तक पहुँचाया तथा येसु के जन्म की उदघोषणा की।
राफाएल महादूत यात्रियों के
संरक्षक सन्त हैं। राफाएल का अर्थ होता है, "ईश्वर चंगा करते हैं"। टोबित, टोबियाह तथा
सारा की मदद के लिये राफाएल ईश्वर द्वारा प्रेषित किये गये थे। टोबित नेत्रहीन था तथा
टोबियाह की मंगनी सारा से हो चुकी थी जो अपदूतों से ग्रस्त थी। महादूत राफाएल ने सारा
को अपदूतों से मुक्त किया तथा विवाह हेतु टोबियाह की मदद की। महादूत राफाएल की मध्यस्थता
से ही टोबियाह के पिता टोबित को अपनी दृष्टि वापस मिली तथा उन्होंने प्रभु का प्रकाश
देखा। टोबित के ग्रन्थ में राफाएल महादूत स्वयं को इस प्रकार टोबियाह के समक्ष प्रकट
करते हैं "मैं स्वर्गदूत रफ़ाएल हूँ। मैं उन सात स्वर्गदूतों में से एक हूँ, जो प्रभु
की महिमा के सामने उपस्थित रहते हैं।''
चिन्तनः मिखाएल, गाब्रिएल
एवं राफाएल महादूत संकटों से हमें बचायें रखें।