2012-09-29 12:16:44

कास्टेल गोदोल्फोः कास्टेल गोन्दोल्फो के कर्मचारियों के प्रति सन्त पापा ने व्यक्त किया आभार


कास्टेल गोन्दोल्फो, 29 सितम्बर सन् 2012 (सेदोक): कास्टेल गोन्दोल्फो में अपने ग्रीष्म अवकाश का समाप्ति पर सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने यहाँ स्थित प्रेरितिक प्रासाद में कार्यरत समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रोम शहर के परिसर में स्थित कास्टेल गोन्दोल्फो में, दो माहों का ग्रीष्म अवकाश व्यतीत कर, सन्त पापा शनिवार सन्ध्या पुनः वाटिकन लौट रहे हैं।
शनिवार को कास्टेल गोन्दोल्फो स्थित प्रेरितिक प्रासाद में सेवारत, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सन्त पापा का साक्षात्कार कर, उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर सन्त पापा ने कहा कि ग्रीष्म अवकाश की यह अवधि उनके लिये प्रार्थना, मनन चिन्तन, अध्ययन तथा विश्राम का उपयुक्त समय सिद्ध हुई जिसके लिये वे प्रभु ईश्वर के प्रति तथा अपने सभी सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हैं।
सन्त पापा ने इस अवसर पर अलबानो के काथलिक धर्माध्यक्ष मारचेल्लो सेमेरारो तथा कास्टेल गोन्दोल्फो के नगराध्यक्ष के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया जिन्होंने उनके ग्रीष्म पड़ाव को सुखद बनाने में योगदान दिया है।
कास्टेल गोन्दोल्फो प्रेरितिक समुदाय के प्रेम एवं आतिथ्य की भूरि भूरि प्रशंसा कर सन्त पापा ने प्रार्थनाओं में सभी को याद रखने का आश्वासन दिया तथा सन्त पेत्रुस के उत्तराधिकारी के मिशन की सफलता के लिये भी प्रार्थना करने का आर्त निवेदन किया। सभी को मरियम के सिपुर्द करते हुए उन्होंने मंगलयाचना की कि प्रार्थना की शक्ति से सभी को न्याय एवं सत्य के रास्ते पर आगे बढ़ने का सम्बल प्राप्त हो सके।








All the contents on this site are copyrighted ©.