2012-07-26 16:32:25

घाना के राष्ट्रपति निधन पर घाना काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन की शोक संवेदना का संदेश


घाना 26 जुलाई 2012 (सेदोक सीएनएन) अफ्रीकी राष्ट्र घाना के राष्ट्रपति जोन इवान्स अटटा मिल्स के निधन पर घाना काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के सदस्यों ने घाना की सम्पूर्ण काथलिक चर्च की ओर से गहन शोक व्यक्त किया है। संदेश में कहा गया है कि इस कठिनतम समय में हमारे विचार और प्रार्थना देश की प्रथम महिला श्रीमती एरनेस्टीना नाडु मिल्स तथा समस्त मिल्स परिवार के साथ हैं।

धर्माध्यक्षों ने घाना के सब निवासियों से एकता बनाये रखने की अपील करते हुए कहा है कि वे करूणामय ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं ताकि दिवंगत राष्ट्रपति जोन इवान्स अटटा मिल्स की आत्मा को अनन्त शांति मिले।

घाना के दिवंगत राष्ट्रपति जोन इवान्स अटटा मिल्स का मंगलवार को बीमार पड़ने के कुछ समय बाद ही सैन्य अस्पताल में अचानक निधन हो गया। वे 68 वर्ष के थे। वे जून माह में ही अमरीका में मेडिकल चेकअप करा कर लौटे थे। कानून और कर विशेषज्ञ राष्ट्रपति मिल्स ने देश में लोकतंत्र और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने तथा संरचनात्मक विकास और आर्थिक प्रगति में विशिष्ट योगदान दिया। उनके निधन के बाद उपराष्ट्रपति जोन दरामानी महामा घाना के नये राष्ट्रपति बनाये गये हैं। 53 वर्षीय नये राष्ट्रपति महामा ने देशवासियों से दिवंगत राष्ट्रपति की विरासत का सम्मान करने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके प्रति हमारी सबसे उत्तम श्रद्धांजलि होगी कि देश में एकता और स्थायित्व को बनाये रखें।

अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने सन 2009 में पशिचमी अफ्रीकी राष्ट्र घाना का दौरा किया था। उन्होंने दिवंगत राष्ट्रपति मिल्स के नेतृत्व में देश में हुई प्रगति की प्रशंसा करते हुए लोकतंत्र और स्थायित्व के आदर्श के रूप में घाना की सराहना की थी।








All the contents on this site are copyrighted ©.