2012-07-11 12:42:37

मुम्बईः असम के धर्माध्यक्ष ने बाढ़ पीड़ितों के लिये की अपील


मुम्बई, 11 जुलाई सन् 2012 (एशियान्यूज़): असम में डिब्रूगढ़ के धर्माध्यक्ष जोसफ आईन्द ने असम के बाढ़ पीड़ितों के लिये सहायता की अपील की है।
एशिया समाचार को दी एक भेंटवार्ता में उन्होंने कहा कि असम में बाढ़ से पीड़ित लोगों, विशेष रूप से, बच्चों एवं महिलाओं को हर प्रकार की सहायता की ज़रूरत है। प्रार्थनाओं के साथ साथ धर्माध्यक्ष ने कहा कि खाद्य पदार्थों, चिकित्सा एवं पेयजल की भी नितान्त आवश्यकता है।
जून माह के अन्त में असम के कई भाग बाढ़ की चपेट में आ गये थे। बाढ़ से बेघर हुए कम से कम पाँच लाख लोग इस समय शिविरों में जीवन यापन कर रहे हैं तथा अनेक अन्य लोगों को काथलिक स्कूलों, गिरजाघरों एवं आश्रमों में शरण दी जा रही है।
ब्रहम्पुत्र नदी बाढ़ की चपेट में आ गई जिससे 81 व्यक्तियों की तत्काल मृत्यु हो गई थी तथा कम से कम 16 व्यक्ति भूस्खलन में दब गये थे।
धर्माध्यक्ष जोसफ आईन्द ने बताया कि हज़ारों लोगों ने अपने आवास, सम्पत्ति तथा चाय के बगानों की फसलें खो दी हैं तथा इन्फ्रास्ट्रकचर को अत्यधिक नुकसान पहुँचा है। उन्होंने बताया कि डिब्रूगढ़ काथलिक धर्मप्रान्त अपनी क्षमता के अनुसार बाढ़ पीड़ितों की ज़रूरतों को पूरा करने का प्रयास कर रहा है जो पर्याप्त नहीं है। कलीसियाई लोकोपकारी संस्थाएँ, धर्म और जाति का भेदभाव किये बिना, बाढ़ पीड़ितों में खाने के पैकेट, मच्छरदानियों, कम्बलों एवं तम्बुओं का वितरण कर रहीं हैं।
धर्माध्यक्ष आईन्द के अनुसार जून माह की बाढ़ ने लोगों को बेघर करने के साथ साथ उनसे उनकी जीविका के साधन छीन लिये हैं। उन्होंने पुनर्निमाण एवं लोगों को उनकी प्रतिष्ठा वापस दिलवाने के लिये सहायता की अपील की है।









All the contents on this site are copyrighted ©.