2012-07-03 11:54:15

मुम्बईः असम में बाढ़ से दस लाख प्रभावित शेष भारत अभी भी सूखा


मुम्बई, 03 जुलाई सन् 2012 (एशिया न्यूज़): भारत के पूर्वोत्तर राज्य असम में बाढ़ से दस लाख से अधिक लोग बेघर हो गये हैं तथा लगातार वर्षा से हुए भूस्खलन के कारण कम से कम 77 लोगों के मरने की ख़बर मिली है। छः व्यक्ति लापता बताये जा रहे हैं। उत्तरी पूर्वी राज्य असम के 27 ज़िलों के लगभग 2000 गाँवों में पानी भर चुका है जिसके कारण सामान्य जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह ने सोमवार को असम के बाढ़ पीड़ित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों के लिये 500 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया था।
इस बीच, भारत के अधिकतर राज्यों में लोग पानी की बूंद बूंद को तरस रहे हैं वहीं मॉनसून की पहली बारिश ने मुंबई को पानी-पानी कर दिया है। सोमवार को यहां एक ही घंटे में 34 मिमी बारिश हुई। हालांकि शहर में फिलहाल बारिश नहीं हो रही है लेकिन मौसम विभाग ने यहां 'हाई टाइड' की चेतावनी दी है। विभाग ने आज और कल भारी बारिश की उम्मीद जताई है।
उधर देश के उत्तरी हिस्से के कई राज्यों में बारिश नहीं होने से बुरा हाल है। राजधानी दिल्ली में गर्मी ने 33 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। इस साल दिल्ली में मई-जून में औसत अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार सन् 1980 के बाद से ऐसी गर्मी कभी नहीं पड़ी थी।









All the contents on this site are copyrighted ©.