2012-05-01 12:03:28

क्वेटाः पाकिस्तान में यू.के. रेड क्रॉस कार्यकर्त्ता की हत्या


क्वेटा, 01 मई सन् 2012 (ऊका): पाकिस्तान के बलूचिस्तान स्थित क्वेटा नगर में ब्रिटिश नागरिक एवं रेड क्रॉस के कार्यकर्त्ता 60 वर्षीय खलील दले की इस सप्ताहान्त हत्या कर दी गई।

जनवरी माह में खलील दले का अपहरण कर लिया गया था तथा तब से उनका कोई अता पता नहीं था। रविवार को उनका रक्तरंजित शव एक प्लासटिक के थैले में बँधा क्वेटा नगर के पास पाया गया। उनके सिर को धड़ से अलग कर उनकी हत्या कर दी गई थी।

अन्तरराष्ट्रीय रेड क्रॉस संगठन से संलग्न एजेन्सी के लिये खलील दले स्वास्थ्य कार्यक्रम मैनेजर के पद पर काम कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार खलील के शव से एक पत्र बरामद हुआ है जिसमें लिखा है कि अपहरणकर्त्ताओं द्वारा मांगी गई फिरौती राशि न मिलने पर खलील की हत्या कर दी गई। अनुमान है कि अपहरणकर्त्ता पाकिस्तानी तालेबानी हैं।

रेड क्रॉस इनटरनेशनल के महानिदेशक ईव्स डैकॉड ने कहा, "आई.सी.आर.सी. कड़े शब्दों में इस बर्बर हत्या की निन्दा करती है।"

उन्होंने कहा, "अन्तरराष्ट्रीय रेड क्रॉस तथा ब्रिटिश रेड क्रॉस खलील के परिवार एवं मित्रों के दुख में शामिल हैं तथा गहन संवेदना की अभिव्यक्ति करते हैं।

ब्रिटिश विदेश सचिव विलियम हेग ने भी खलील की हत्या को बर्बर एवं निर्थक कृत्य निरूपित किया और कहा कि पाकिस्तान के निर्धनों की सेवा करनेवाले की हत्या वास्तव में शर्म की बात है।

खलील दले अफ़गानिस्तान, ईराक तथा सोमालिया में लोकोपकारी अभियानों से जुड़े रहे थे। सन् 1994 में सोमालिया में उनके सराहनीय कार्यों के लिये उन्हें मानवतावादी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।










All the contents on this site are copyrighted ©.