2012-04-18 11:49:10

नई दिल्लीः मीडिया गुरु के निधन पर भारतीय ख्रीस्तीयों का शोक


नई दिल्ली, 18 अप्रैल सन् 2012 (सी.बी.सी.आई.): भारत के काथलिक धर्माध्यक्षों ने, मीडिया गुरु येसु धर्मसमाजी पुरोहित फादर जैकब स्क्रामपिकल के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है।

फादर जैकब स्क्रामपिकल विगत कई वर्षों से मीडिया प्रेरिताई से जुड़े रहे थे तथा भारत एवं विदेशों में भी वे सम्प्रेषण माध्यम के प्राध्यापक रहे थे।

भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन की सम्प्रेषण माध्यम समिति के उपाध्यक्ष फादर जॉर्ज प्लाथोटम ने कहा, "फादर जैकब की अचानक मृत्यु भारतीय कलीसिया तथा कलीसियाई सम्प्रेषण माध्यम प्रशिक्षण संस्थाओं के लिये एक महान क्षति है।"

उन्होंने कहा, "फादर जैकब दूरदर्शी थे तथा भारतीय काथलिक मीडिया को विकसित करने के लिये उन्होंने अनेक सपने संजोये थे।"

62 वर्षीय फादर जैकब विगत कई वर्षों से रोम स्थित ग्रेगोरियाना परमधर्मपीठीय विश्वविद्यालय में सम्प्रेषण माध्यम विभाग के अध्यक्ष पद पर कार्यरत रहे थे। ऑस्ट्रिया के वियना शहर में 14 अप्रैल को उनका देहान्त हो गया था।

हाल में फादर जैकब को नई दिल्ली स्थित भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन द्वारा संचालित नेशनल इन्सटीट्यूट ऑफ कम्यूनिकेशन्स "निसकॉर्ट" का निर्देशक नियुक्त किया गया था। जून माह में वे अपना नया पद ग्रहण करनेवाले थे।

दिवंगत आत्मा की चिर शांति हेतु प्रार्थना करते हुए वाटिकन रेडियो का हिन्दी विभाग फादर जैकब के प्रति भावभीनी श्रद्धान्जलि अर्पित करता तथा उनके समर्पित कार्यों के लिये प्रभु ईश्वर को धन्यवाद ज्ञापित करता है।








All the contents on this site are copyrighted ©.