2012-04-04 12:20:17

वाटिकन सिटीः वाटिकन के समाचार पत्र द्वारा सूकी की चुनावी विजय की सराहना


वाटिकन सिटी, 04 अप्रैल सन् 2012 (सेदोक): वाटिकन के समाचार पत्र लोस्सरवात्तोरे रोमाने ने म्यानमार के उपचुनावों में आऊन सान सूकी की विजय पर हर्ष व्यक्त किया है।

मंगलवार को, "द सीट ऑफ होप" समाचार पत्र में प्रकाशित लेख में प्रजातंत्रवाद सम्बन्धी नेशनल लीग पार्टी की नेता आऊन सान सूकी की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया गया तथा इसे म्यानमार के लोगों की जीत निरूपित किया गया।

म्यानमार के विरुद्ध अमरीका तथा यूरोपीय संघ द्वारा लगाये गये आर्थिक प्रतिबन्धों के सन्दर्भ में, समाचार पत्र में कहा गया, "इस सफलता से सम्पूर्ण म्यानमार को महत्वपूर्ण आर्थिक लाभ पहुँचना चाहिये।"

कहा गया, "विश्लेषकों के अनुसार, संसद में आऊन सान सूकी की वापसी तथा उनकी पार्टी की विजय देश के लिये दूरगामी सिद्ध होगी।"

वाटिकन स्थित सुसमाचार प्रचार परिषद के उपाध्यक्ष पीमे मिशनरी पुरोहित फादर मास्सिमो चेन्सी ने सूकी की विजय को "ऐतिहासिक" निरूपित किया। ऊका समाचर से उन्होंने कहा कि श्रीमती सूकी ने प्रजातंत्रवाद के लिये म्यानमार के लोगों की आकाँक्षाओं को पूरा करने का रास्ता खोल दिया है। उन्होंने कहा कि अब लोग देश की सामाजिक एवं राजनैतिक गतिविधियों में भागीदार बन सकेंगे।

इस बीच, बर्मा के काथलिक नेताओं ने भी आऊन सान सूकी की जीत पर हर्ष व्यक्त किया है। मण्डलय के महाधर्माध्यक्ष ने एशिया समाचार से बातचीत में कहा कि उनकी आशा है कि इससे देश में सामाजिक एवं आर्थिक विकास की बहाली होगी तथा कलीसिया, अवरोधों के बिना, शिक्षा एवं स्वास्थ्य आदि के क्षेत्र में स्वतंत्रतापूर्वक काम कर सकेगी।








All the contents on this site are copyrighted ©.