2012-04-03 11:33:56

मुम्बईः सरकार ने गुड फ्रायडे समारोह के लिये मैदान देने से किया इनकार


मुम्बई, 03 अप्रैल सन् 2012 (ऊका): महाराष्ट्र सरकार ने मुम्बई के काथलिकों को गुड फ्रायडे समारोह के लिये अगस्त क्राँति मैदान के उपयोग से मना दिया है जिससे आयोजकों में चिन्ता उत्पन्न हो गई है।

मुम्बई के कम्बाला हिल स्थित सेन्ट स्टीवन गिरजाघर विगत 55 वर्षों से अगस्त क्राँति मैदान का उपयोग गुड फ्रायडे समारोह के लिये करता आया है किन्तु इस वर्ष, महाराष्ट्र सरकार ने, गुड फ्रायडे से केवल चार दिन पहले यह नोटिस दिया। महाराष्ट्र राज्य के संस्कृति सम्बन्धी विभाग ने 2006 में हाई कोर्ट द्वारा जारी उस आदेश का हवाला दिया जिसके तहत धार्मिक कार्यक्रमों के लिये मैदान का उपयोग वर्जित कर दिया गया है।

सेन्ट स्टीवन गिरजाघर के पुरोहित फादर एरनेस्ट फरनानडेज़ ने कहा, "यदि सन् 2006 में हाई कोर्ट का आदेश जारी किया गया था तो हमें इसकी सूचना पहले क्यों नहीं दी गई और क्यों हमें विगत वर्षों में रोका नहीं गया? हम विगत 55 वर्षों से इस मैदान का उपयोग करते आये हैं।"

हाई कोर्ट के आदेश से पहले, साल में 30 दिन किसी भी सांस्कृतिक या धार्मिक कार्यक्रम के लिये मैदान का उपयोग सम्भव था।

फादर फरनानडेज़ ने कहा कि इस वर्ष केवल 22 दिन मैदान का उपयोग हुआ है इसलिये गुड फ्रायडे के लिये काथलिकों को मैदान का उपयोग करने से मना करना सरासर अन्यायपूर्ण है। उत्कंठित काथलिकों के संगठन अध्यक्ष गॉरडन जैकब ने कहा कि चार दिनों में किसी अन्य स्थल की व्यवस्था करना गिरजाघर के लिये बहुत ही मुश्किल काम है।

पर्यटन एवं संस्कृति सम्बन्धी विभाग के सचिव आनन्द कुलकर्णी ने इस मुद्दे पर किसी भी प्रकार की टीका करने से इनकार कर दिया।

इस बीच, अल्पसंख्यकों के विकास सम्बन्धी मंत्री मुहम्मद आरिफ नसीम खान ने बताया कि वे मुद्दे पर मंत्रालय के अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं तथा समस्या का हल ढूँढ़ने का प्रयास करेंगे।








All the contents on this site are copyrighted ©.