2012-03-15 16:20:40

बस दुर्घटना प्रभावितों के लिए संत पापा की शोक संवेदना का तारसंदेश


वाटिकन सिटी 15 मार्च 2012 (सेदोक, बीबीसी) स्विटजरलैंड के सियेर शहर के समीप बुधवार को हुई एक सड़क बस दुर्घटना में बेल्जियम के 22 स्कूली बच्चों तथा 6 वयस्कों की मृत्यु हो गयी। बस में 52 लोग सवार थे जो स्विटजरलैंड के आल्पस पर्वतीय क्षेत्र में स्कूली स्कीईंग ट्रिप सम्पन्न करने के बाद बेल्जियम लौट रहे थे। बस एक सुरंग में दीवार से जा टकरायी। घटना में 24 बच्चे घायल हो गये जिन्में कुछ की हालत गंभीर है।
दुर्घटनाग्रस्त बस में लोमेल स्थित स्टेकसे प्राथमिक विद्यालय और लुभेन में हेभेरली स्थित संत लम्बेरतुस विद्यालय के विद्यार्थी सवार थे। दो अन्य बस सुरक्षित बेल्जियम पहुंच गये हैं। स्विस अधिकारियों के अनुसार मृतकों में अधिकांश बेल्जियम के तथा सात डच नागरिक हैं। घायलों में तीन डच, एक पोलिश तथा एक जर्मन है.
दुर्घटना के बाद बेल्जियम में एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया जबकि स्विटजरलैंड और यूरोपीय संसद में घटना के शिकार हुए लोगों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखा गया। हाल के दशकों में सिवटजरलैंड के इतिहास में यह सर्वाधिक गंभीर सड़क दुर्घटना में से एक है। बेल्जियम के विदेश मंत्रालय के अनुसार घटना के शिकार हुए अधिकांश बच्चे लगभग 12 बर्ष के थे।
मालिनेस ब्रसेल्स के महाधर्माध्यक्ष मान्यवर आन्द्रे जोसेफ लेओनार्द के नाम संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें की ओर से वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल तारचिसियो बेरतोने द्वारा हस्ताक्षरित शोक संवेदना का तार संदेश भेजा गया है। संत पापा ने दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु हो जाने पर गहन शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी सहानुभूति व्यक्त करते हुए उन्हें अपनी प्रार्थना का आश्वासन दिया तथा मृतकों को ईश्वर की करूणा के सिपुर्द किया। संत पापा ने सब शोकित परिजनों के लिए दिव्य सांत्वना, शक्ति तथा प्रार्थना की कामना किया है तथा इस घटना से प्रभावित सब लोगों के प्रति अपनी समीपता व्यक्त करते हुए उन्हें अपना प्रेरितिक आशीर्वाद दिया है।








All the contents on this site are copyrighted ©.