2012-03-05 13:41:45

धर्माध्यक्ष स्तेफन तिड़ु की दफ़न क्रिया में भीड़ उमड़ी


राँची, 5 मार्च, 2012 (ऊकान) झारखंड के खूँटी धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष स्तेफन एम. तिरु की दफ़न क्रिया में राँची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल तेलेस्फोर टोप्पो, 11 धर्माध्यक्ष और 500 पुरोहित और असंख्य धर्मबहनों सहित क़रीब 10 हज़ार लोगों ने भाग लिया।
74 वर्षीय धर्माध्यक्ष स्तेफन तिड़ु की मृत्यु राँची से 35 किलोमीटर दूर अपने धर्माध्यक्षीय निवास स्थान खूँटी में 3 मार्च को हो गयी थी। वे कई बर्षो से उच्च रक्तचाप और मधुमेह की बीमारी से पीड़ित थे।
दफ़न क्रिया के पूर्व यूखरिस्तीय समारोह में उपस्थित विश्वासियों को संबोधित करते हुए कार्डिनल टोप्पो ने कहा, "दुःख के समय भी धर्माध्यक्ष स्तेफन तिड़ु सदा मुस्कुराते हुए लोगों का अभिवादन करते थे। शारीरिक पीड़ा उनके सद्व्यवहार में कभी भी बाधा नहीं बनी।"
मिस्सा के समय ही संत पापा द्वारा प्रेषित शोक संदेश को पढ़कर सुनाया गया।
घटना के बारे जानकारी देते हुए धर्मप्रांत के सचिव और कोषाध्यक्ष फादर अनिल होरो ने उकान को बताया कि 3 मार्च की सुबह आपातकालीन घंटी सुनकर जब वे धर्माध्यक्ष के कमरे में गये तो धर्माध्यक्ष की हालत ख़राब थी। उन्होंने अपनी हालत के बारे में बतलाते हुए ही अंतिम साँस लीं।
धर्माध्यक्ष स्तेफन को सन् 1995 ईस्वी में खूँटी धर्मप्रांत का धर्माध्यक्ष बनाया गयाथा। इसके पूर्व उन्होंने दुमका धर्मप्रांत में 9 वर्षों तक लोगों की सेवा की थी।
वाटिकन ने राँची महाधर्मप्रांत के सहायक धर्माध्यक्ष विनय कन्डुलना को खूँटी का अपोस्तोलिक अडमिनिस्ट्रेटर नियुक्त कर दिया है।












All the contents on this site are copyrighted ©.