2012-02-20 09:15:40

वाटिकन सिटीः 22 नये कार्डिनलों का परिचय


वाटिकन सिटी, 18 फरवरी सन् 2011 (सेदोक): रोम स्थित सन्त पेत्रुस महागिरजाघर में, शनिवार 18 फरवरी को, सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने, 22 नये कार्डिनलों की रचना कर उन्हें कलीसिया के राजकुमारों का सम्मान प्रदान किया।

विश्व के इन 22 नये कार्डिनलों का संक्षिप्त परिचय इस प्रकार हैः

भारत से, केरल स्थित एरनाकुलम-अंगामाली के प्रधान महाधर्माध्यक्ष जॉर्ज आलेनचेरी।
जॉर्ज आलेनचेरी का जन्म 19 अप्रैल, सन् 1945 ई. को, केरल के थुरुथी में हुआ था। सन् 1972 ई. में आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। सन् 1996 ई. में आप नवस्थापित धर्मप्रान्त थुकाल्लाय के प्रथम धर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये थे। 24 मई सन् 2011 को सिरो मलाबार काथलिक कलीसिया की धर्मसभा ने आपको एरनाकुलम-अंगामाली का प्रधान महाधर्माध्यक्ष नियुक्त किया था।

चीन, पीपल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना से हाँग काँग के धर्माध्यक्ष जॉन टॉन्ग हॉन।
जॉन टॉन्ग हॉन का जन्म 31 जुलाई, सन् 1939 ई. को हाँग काँग में हुआ था। 9 दिसम्बर, सन् 1966 ई. को आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये। इसके बाद कई वर्षों तक आप हाँग काँग धर्मप्रान्त के "होली स्पिरिट स्टडी सेन्टर" अनुसन्धान केन्द्र में सेवाएँ अर्पित करते रहे थे जो चीन में कलीसिया सम्बन्धी प्रश्नों एवं समस्याओं पर अध्ययन करता है। सन् 1996 में आप हाँग काँग के सहायक धर्माध्यक्ष तथा सन् 2009 में हाँग काँग के धर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये थे।

अमरीका से महाधर्माध्यक्ष फेडरिक ओब्रायन।
फेडरिक ओब्रायन का जन्म, 8 अप्रैल, सन् 1939 ई. को, न्यूयॉर्क के ब्रॉन्क्स में हुआ था। वियतनाम युद्ध के दौरान आप, अमरीकी सेना में, 82 वें हवाई डिविज़न के आर्मी चेपलिन थे तथा सैनिकों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान किया करते थे। सन् 1996 में आपको न्यूयॉर्क महाधर्मप्रान्त का सहयोगी धर्माध्यक्ष नियुक्त किया गया था। 12 जुलाई, सन् 2007 को आप अमरीका के प्रथम महाधर्मप्रान्त, बालटीमोर के 15 वें महाधर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये थे। 29 अगस्त, सन् 2011 को सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने महाधर्माध्यक्ष ओब्रायन को "जैरूसालेम स्थित पुण्य समाधि की देखरेख करनेवाले अश्वारोही धर्मसंघ" का परमाधिकारी नियुक्त किया था।


कनाडा से, महाधर्माध्यक्ष थॉमस क्रिस्टफर कॉलिन्स।
थॉमस क्रिस्टफर कॉलिन्स का जन्म, 16 जनवरी सन् 1947 ई. को, कनाडा के ओन्तारियो में हुआ था। सन् 1973 में अपने पुरोहिताभिषेक के बाद आप आगे अध्ययन के लिये रोम आ गये थे। सन् 1978 ई. में आपने पवित्र धर्मग्रन्थों में स्नातक की डिगरी हासिल की थी तथा सन् 1986 में परमधर्मपीठीय ग्रेगोरियन विश्वविद्यालय से ईश शास्त्र में डाक्टरेड की उपाधि प्राप्त की थी। सन् 1997 में आप कनाडा के आलबेरता स्थित सेन्ट पौल धर्मप्रान्त के धर्माध्यक्ष तथा दो वर्ष बाद एडमनटन के महाधर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये थे। सन् 2007 में आपको टॉरन्टो का महाधर्माध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

अमरीका के न्यूयॉर्क से महाधर्माध्यक्ष तिमोथी माईकिल डोलन।
तिमोथी डोलन का जन्म अमरीका के मिसूरी राज्य स्थित सेन्ट लूईस में, छः फरवरी सन् 1950 ई. को, हुआ था। सन् 1976 में आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। सन् 1992 में आप केनरिक-ग्लेनन गुरुकुल के प्राचार्य तथा सन् 1994 में रोम स्थित परमधर्मपीठीय नॉर्थ अमेरिकन कॉलेज के गुरुकुलाध्यक्ष नियुक्त किये गये थे। इस पद पर आप 2001 तक बने रहे। सन् 2001 में आपको अमरीका के सेन्ट लूईस धर्मप्रान्त का धर्माध्यक्ष नियुक्त किया गया था। सन् 2002 में आप मिलवॉकी के तथा सन् 2009 में न्यू यॉर्क के महाधर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये थे।

इटली के महाधर्माध्यक्ष फेरनानदो फिलोनी।
वाटिकन स्थित सुसमाचार प्रचार परिषद के अध्यक्ष, महाधर्माध्यक्ष फेरनानदो फिलोनी का जन्म, 15 अप्रैल, सन् 1946 ई. को, इटली के मानदुरिया में हुआ था। सन् 1970 में आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। अपना अधिकाधिक समय आपने वाटिकन की राजनयिक सेवा में व्यतीत किया। सन् 2001 में आप ईराक तथा जॉर्डन के लिये परमधर्मपीठ के राजदूत नियुक्त किये गये थे। सन् 2003 के ईराक युद्ध के दौरान आप अकेले राजदूत थे जो बगदाद में बने रहे। सन् 2007 में, आप, वाटिकन राज्य के आर्थिक मामलों के सचिव तथा सन् 2011 में, वाटिकन स्थित सुसमाचार प्रचार परिषद के, अध्यक्ष नियुक्त किये गये थे।

पुर्तगाल के महाधर्माध्यक्ष मानुएल मोनटेरो।
मानुएल मोनटेरो का जन्म 29 मार्च सन् 1930 ई. को पुर्तगाल के सान यूफेमिया में हुआ था। 9 जुलाई सन् 1961 ई. में आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। अपना अधिकाधिक समय आपने वाटिकन की राजनयिक सेवा में व्यतीत किया तथा वेस्ट इन्डीज़, दक्षिणी अफ्रीका एवं स्पेन के लिये परमधर्मपीठीय राजदूत रहे। सन् 2009 में, आप, वाटिकन स्थित परमधर्मपीठीय धर्मसंघ के अध्यक्ष नियुक्त किये गये तथा इस वर्ष जनवरी माह से परमधर्मपीठीय धर्मदण्डविभाग के परमाधिकारी पद पर कार्यरत हैं।

स्पेन के महाधर्माध्यक्ष सान्तोस आब्रील कास्तेल्लो।
सान्तोस आब्रील कास्तेल्लो का जन्म, 21 सितम्बर, सन् 1935 ई. को, स्पेन के आल्फाम्ब्रा में हुआ था। 19 मार्च, सन् 1960 ई. को, आप, पुरोहित अभिषिक्त किये गये। अपना अधिकाधिक समय आपने वाटिकन की राजनयिक सेवा में व्यतीत किया तथा बोलिविया, कैमरून, यूगोस्लाविया, आर्जेन्टीना, स्लोवेनिया एवं मकदूनिया स्थित परमधर्मपीठीय राजदूतावासों में सेवाएँ अर्पित कीं।

इटली के महाधर्माध्यक्ष अन्तोनियो मरिया वेलियो।
सन् 2009 से, आप, वाटिकन स्थित आप्रवासियों एवं शरणार्थियों की प्रेरितिक देखरेख हेतु गठित परमधर्मपीठीय परिषद के अध्यक्ष हैं। अन्तोनियो मरिया वेलियो का जन्म, तीन फरवरी, सन् 1938 ई. को, इटली के माचेराता-फेलत्रिया में हुआ था। पापुआ न्यू गिनी, सॉलोमन द्वीप, सेनेगल, गिनी-बेसाओ, केप वेरदे, माली, लेबनान तथा कुवैत में आप परमधर्मपीठ के प्रेरितिक प्रतिनिधि एवं राजदूत पद पर कार्य कर चुके हैं।

इटली के महाधर्माध्यक्ष जुसेप्पे बेरतेल्लो।
सन् 2011 से, महाधर्माध्यक्ष जुसेप्पे बेरतेल्लो वाटिकन राज्य और शहर के परमधर्मपीठीय आयोग के अध्यक्ष हैं। आपका जन्म पहली अक्टूबर, सन् 1942 ई. को, इटली के फोलित्सो में हुआ था। 29 जून, सन् 1966 ई. को आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। घाना, टोगो, बेनिन, रूआण्डा, मेक्सिको, इटली तथा सान मारीनो स्थित परमधर्मपीठीय राजदूतावासों में आप सेवाएँ अर्पित कर चुके हैं।

इटली के महाधर्माध्यक्ष फ्रान्चेस्को कोकोपालमियेरी।
सन् 2007 से, वाटिकन में, वैधानिक पाठों की व्याख्या करनेवाली परमधर्मपीठीय समिति के अध्यक्ष, महाधर्माध्यक्ष फ्रान्चेस्को कोकोपालमियेरी का जन्म, छः मार्च, सन् 1938 ई. को, इटली के मिलान शहर में हुआ था। 28 जून, सन् 1962 ई. को आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। सन् 1981 में आपको रोम स्थित ग्रेगोरियन विश्वविद्यालय में कलीसियाई विधान विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। सन् 1993 में आप मिलान के धर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये थे।

ब्राजील के महाधर्माध्यक्ष होआओ ब्राज़ दे आविज़।
सन् 2011 से, वाटिकन में, समर्पित जीवन सम्बन्धी परमधर्मपीठीय धर्मसंघ के अध्यक्ष महाधर्माध्यक्ष होआओ ब्राज़ दे आविज़ का जन्म, 24 अप्रैल, सन् 1947 ई. को, ब्राज़ील के माफ्रा में हुआ था। 26 नवम्बर, सन् 1972 को आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। सन् 1994 में विक्टोरिया महाधर्मप्रान्त के सहयोगी धर्माध्यक्ष, सन् 1998 में पोन्ता ग्रोसा के धर्माध्यक्ष, सन् 2002 में मारिंगा के महाधर्माध्यक्ष तथा सन् 2004 में आप ब्राज़िलिया के महाधर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये थे।

इटली के महाधर्माध्यक्ष दोमेनिको कालकान्यो।
सन् 2011 से, वाटिकन राज्य एवं शहर की प्रेरितिक सम्पत्ति की देखरेख करनेवाले प्रशासन के अध्यक्ष, महाधर्माध्यक्ष दोमेनिको कालकान्यो का जन्म, तीन फरवरी, सन् 1943 ई. को, इटली के त्रामोनताना में हुआ था। 29 जून, सन् 1967 ई. को, आप, पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। सन् 2002 में, आप सावोना-नोली के धर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये थे। सन् 2007 से आप वाटिकन में उक्त प्रशासन के सचिव पद पर कार्य करते रहे थे।


इटली के महाधर्माध्यक्ष जुसेप्पे वेरसाल्दी।
वाटिकन राज्य के आर्थिक मामलों सम्बन्धी परमधर्मपीठीय कार्यालय के अध्यक्ष महाधर्माध्यक्ष जुसेप्पे वेरसाल्दी का जन्म, 30 जुलाई, सन् 1943 ई. को, इटली के वेरचेल्ली में हुआ था। 29 जून सन् 1967 ई. को, आप, पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। सन् 2007 में आपको आलेस्सानद्रिया का धर्माध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

चेक गण्तंत्र से प्राग के दोमिनिक डूका।
सन् 2012 से प्राग के महाधर्माध्यक्ष दोमिनिक डूका का जन्म भूतपूर्व यूगोस्लाविया के ह्रादेक क्रालोव में, 26 अप्रैल, सन् 1943 ई. को, हुआ था। 22 जून, सन् 1970 को, आप, पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। युगोस्लाविया में साम्यवादी शासन काल के दौरान, दोमिनिकन धर्मसमाज के सदस्य रहते हुए आपने कई वर्षों तक श्रम शिविरों में कठोर परिश्रम किया था। अस्सी के दशक में आपको कारावास भी प्रदान किया था। सन् 1998 में आपको ह्रादेक क्रालोव का धर्माध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

नैदरलैण्ड से ऊटरेख्ट के महाधर्माध्यक्ष विलियम याकोबस ईक्स।
सन् 2007 से ऊटरेख्ट के महाधर्माध्यक्ष विलियम याकोबस ईक्स का जन्म, नैदरलैण्ड के डूवेनड्रेक्ट में, 22 जून, सन् 1953 ई. को, हुआ था। पहली जून, सन् 1985 ई. को आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। आपने चिकित्साशास्त्र, दर्शनशास्त्र तथा ईश शास्त्र में डाक्टरेड की उपाधियाँ प्राप्त की हैं। 1999 ई. में आप ग्रोनिंगेन-ल्यूवॉर्डन के धर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये थे।

इटली से फ्लोरेन्स के महाधर्माध्यक्ष जुसेप्पे बेत्तोरी।
सन् 2008 से फ्लोरेन्स के महाधर्माध्यक्ष जुसेप्पे बेत्तोरी का जन्म, 25 फरवरी, सन् 1947 ई. को, इटली के फोलिन्यो में हुआ था। 26 सितम्बर, सन् 1970 ई. को आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। सन् 2001 में, आपको इताली धर्माध्यक्षीय सम्मेलन का महासचिव नियुक्त किया गया था। इसी वर्ष आपका धर्माध्यक्षीय अभिषेक भी सम्पन्न हुआ।

जर्मनी से बर्लिन के महाधर्माध्यक्ष राईनर मरिया वोएल्की।
सन् 2011 से बर्लिन के महाधर्माध्यक्ष राईनर मरिया वोएल्की का जन्म, 18 अगस्त, सन् 1956 ई. को, जर्मनी के कोलोन मूलहाईम में हुआ था। 14 जून, सन् 1985 को आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे।

रोमानिया से महाधर्माध्यक्ष लूसियन मुरेसान।
रोमेनियन ग्रीक काथलिक चर्च के धर्माधिपति, फगारास तथा आल्बा जूलिया के प्रधान महाधर्माध्यक्ष लूसियन मुरेसान का जन्म, 23 मई, सन् 1931 ई. को, रोमानिया के फिरिज़िया में हुआ था। 19 दिसम्बर, सन् 1964 को आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। सन् 1990 में आप मारामुरेस के धर्माध्यक्ष तथा सन् 1994 में फगारास तथा आल्बा जूलिया के प्रधान महाधर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये थे। सन् 2005 से आप रोमानिया में ग्रीक काथलिक चर्च के धर्माधिपति हैं।
बैल्जियम से फादर जूलियन राईस।
बैल्जियम के नामुर धर्मप्रान्त से फादर जूलियन राईस, लोवेन स्थित काथलिक विश्वविद्यालय में इतिहास एवं धर्म के प्राध्यपक रहे हैं। आपका जन्म, बैल्जियम के फूक्स में, 19 अप्रैल सन् 1920 ई. को, हुआ था। 12 अगस्त, सन् 1945 ई. को आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। इस वर्ष आपको बेलकास्त्रो का नामधारी महाधर्माध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

माल्टा के फादर प्रॉस्पर ग्रेख।
अगस्टीन धर्मसमाजी फादर ग्रेख रोम के कई परमधर्मपीठीय विश्वविद्यालयों में प्राध्यपक रह चुके हैं। आप, वाटिकन स्थित विश्वास एवं धर्मसिद्धान्त सम्बन्धी परमधर्मपीठीय समिति में परामर्शक भी रह चुके हैं। 23 दिसम्बर, सन् 1925 ई. को माल्टा में आपका जन्म हुआ था। 25 मार्च, सन् 1950 ई. को आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। जनवरी माह में आपको सान लेओन का नामधारी महाधर्माध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

जर्मनी के फादर कार्ल बेकर।
जर्मनी के कोलोन शहर में फादर कार्ल बेकर का जन्म, 18 अप्रैल, सन् 1928 ई. को, हुआ था। 13 अप्रैल, सन् 1948 ई. को आपने येसु धर्मसमाज के सदस्य रूप में शपथ ग्रहण की थी तथा 31 जुलाई सन् 1958 ई. को आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। येसु धर्मसमाजी पुरोहित फादर कार्ल बेकर रोम स्थित परमधर्मपीठीय ग्रेगोरियन विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्राध्यापक हैं। आप, वाटिकन स्थित विश्वास एवं धर्मसिद्धान्त सम्बन्धी परमधर्मपीठीय समिति में परामर्शक भी रह चुके हैं।












All the contents on this site are copyrighted ©.