2012-01-27 17:35:42

बांगलादेश के दिनाजपुर धर्मप्रांत में पहले संथाल धर्माध्यक्ष की नियुक्ति


दिनाजपुर बांग्लादेश 27 जनवरी 2012 (उकान) जनजातीय संथाल पुरोहित सेबास्तियन टुडु, बांग्लादेश के दिनाजपुर धर्मप्रांत के पहले जनजातीय संथाल धर्माध्यक्ष अभिषिक्त किये गये। राजधानी ढाका से 400 किलोमीटर दूर जनजातीय बहुल दिनाजपुर धर्मप्रांत के संत फ्रांसिस जेवियर कैथीड्रल पल्ली में आयोजित समारोही ख्रीस्तयाग की अध्यक्षता प्रेरितिक राजदूत महाधर्माध्यक्ष जोसेफ मारिनो ने की। कलीसियाई अधिकारियों के अनुसार धर्माध्यक्ष अभिषेक समारोह में दो महाधर्माध्यक्षों, 6 धर्माध्यक्षों और 100 पुरोहितों सहित लगभग 11 हजार काथलिक विश्वासी शामिल हुए।
नवअभिषिक्त धर्माध्यक्ष सेबास्तियन टुडु का जन्म 17 जून 1967 को उत्तरपश्चिमी गायबंधा जिले में मरियमपुर काथलिक चर्च के तहत चानगुरा गाँव में हुआ। उनका पुरोहिताभिषेक 30 दिसम्बर 1999 को दिनाजपुर के मरियमपुर पल्ली में सम्पन्न हुआ था। संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने पिछले साल 29 अक्तूबर को उन्हें दिनाजपुर का धर्माध्यक्ष मनोनीत किया था।
धर्माध्यक्ष अभिषिक्त किये जाने के बाद धर्माध्यक्ष टुडु ने कहा कि यह उनके लिए कृपा का दिन है। वे ईश्वर को धन्यवाद देते हैं कि अयोग्य होने के बावजूद ईश्वर ने उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुना है। उनकी प्रतिज्ञा है कि वे प्रेम और उत्साह के साथ धर्मप्रांत के लोगों के लिए काम करेंगे एवं उनकी आशा है कि विश्वासी समुदाय भी उन्हें सहयोग देगा ताकि वे धर्मप्रांत की जरूरतों को पूरा कर सकें।








All the contents on this site are copyrighted ©.