2012-01-19 17:34:04

सहायक महाधर्माध्यक्ष जोन मूलाचिरा गुवाहाटी के नये महाधर्माध्यक्ष नियुक्त


वाटिकन सिटी 19 जनवरी 2012 (सेदोक, वीआर अंग्रेजी) संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने 18 जनवरी को गुवाहाटी के महधर्माध्यक्ष थोमस मेनाम्परम्बिल का त्यागपत्र स्वीकार कर मान्यवर जोन मूलाचिरा को उनका उत्तराधिकारी नियुक्त किया है जो पिछले साल अप्रैल माह में गुवाहाटी के सहायक महाधर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये थे।

महाधर्माध्यक्ष मेनाम्परम्बिल ने 75 वर्ष पूरे होने पर अक्तूबर माह में आयु संबंधी कारणों से कलीसियाई विधान के अनुरूप अपना त्यागपत्र संत पापा को भेज दिया था। वे सन 1981 से डिब्रूगढ़ के धर्माध्यक्ष रहे फिर सन 1992 से गोहाटी महाधर्मप्रांत का नेतृत्व करते रहे हैं। भारत के उत्तर पूर्वी प्रांतो में विभिन्न जातियों और जनजातीय समुदायों के मध्य शांति स्थापना के लिए महाधर्माध्यक्ष मेनाम्परम्बिल ने उत्कृष्ट कार्य किये हैं।

महाधर्माध्यक्ष मेनाम्परम्बिल के उत्तराधिकारी महाधर्माध्यक्ष जोन मूलाचिरा का जन्म केरल के मनानथावाडी धर्मप्रांत के पुथुसिरयकादु गाँव में 14 दिसम्बर 1951 को हुआ और वे चेन्नै स्थित संत थोमस माइनर सेमिनरी में अध्ययन किये। वे 23 अक्तूबर 1978 को तेजपुर धर्मप्रांत के लिए पुरोहित अभिषिक्त किये गये। उन्होंने 1996 से 2005 तक उदालगिरी में पल्ली पुरोहित के रूप में अपनी सेवाएं अर्पित कीं। इसके दो साल बाद वे 15 अप्रैल 2007 को दीफू के धर्माध्यक्ष अभ्यंजित किये गये। चार साल बाद वे गुवाहाटी के सहायक महाधर्माध्यक्ष मनोनीत किये गये और अब गुवाहाटी के महाधर्माध्यक्ष बनाये गये हैं।

गुवाहाटी महाधर्मप्रांत के अंतर्गत 5 जिले आते हैं। यहाँ की आबादी लगभग 70 लाख है जिसमें काथलिकों की संख्या 75 हजार है।








All the contents on this site are copyrighted ©.