2011-12-30 12:19:52

फिलिपिन्सः फादर तेनतोरियो की हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार


फिलिपिन्स, 30 दिसम्बर सन् 2011 (ऊका समाचार): फिलिपिन्स में, इताली मिशनरी पुरोहित फादर फाओस्तो तेनतोरियो की हत्या के लिये पुलिस ने दो आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया है।

न्याय मंत्री लैला दिलीमा ने गुरुवार को घोषित किया कि उत्तरी कोटाबाटो प्रान्त के आराकन क्षेत्र से पुलिस तथा जाँच सम्बन्धी राष्ट्रीय ब्यूरो के अधिकारियों ने फादर तेनतोरियो की हत्या के आरोपी जिमी आटो तथा उसके भाई रॉबर्ट को गिरफ्तार कर लिया है।

उन्होंने बताया कि चश्मदीद गवाहों के बयान के आधार पर जिमी आटो को गिरफ्तार किया गया तथा हत्या के समय मोटरगाड़ी चलानेवाले उसके भाई रॉबर्ट को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

मिनदानाओ प्रान्त के आराकान में सेवारत फादर फाओस्तो तेनतोरियो की, 17 अक्टूबर को, पल्ली निवास के अहाते में, एक बन्दूकधारी ने हत्या कर दी थी। घटनास्थल पर उपस्थित कुछ गवाहों ने जिमी आटो को हत्यारे के रूप में पहचाना है। इन्हीं गवाहों के अनुसार फादर की हत्या के समय जिमी का भाई बाहर मोटरसाईकिल पर उसका इन्तज़ार कर रहा था। हत्या के बाद दोनों फरार हो गये थे।

फादर तेनतोरियो, फिलीपिन्स में हत्या के शिकार बनाये गये, विदेशी मिशनरी धर्मसमाज "पीमे" के तीसरे पुरोहित हैं। इससे पूर्व सन् 1985 में फादर तूलयो फवाली तथा सन् 1992 में फादर साल्वातोर कारज़ेदा की हत्या कर दी गई थी।








All the contents on this site are copyrighted ©.