2011-12-20 12:04:43

फिलीपिन्सः कागायोन दे ओरो के महाधर्माध्यक्ष ने बाढ़ पीड़ितों के लिये सहायता की अपील की


फिलीपिन्स, 20 दिसम्बर सन् 2011 (एशियान्यूज़): फिलिपिन्स में, कागायान दे ओरो के महाधर्माध्यक्ष अन्तोनियो लेदेस्मा ने शनिवार के तूफान एवं बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिये सहायता की अपील की है।

एशिया समाचार से महाधर्माध्यक्ष ने कहा, "बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति बहुत ख़राब है। मैं सभी से प्रार्थना की अपील करता हूँ तथा इस प्रकृतिक आपदा से प्रभावित हज़ारों परिवारों के लिये आर्थिक सहायता की अपील करता हूँ ताकि इन्हें लोकोपकारी मदद प्रदान की जा सके।"

फिलिपिन्स के मिन्दनाओं प्रान्त में शनिवार को आये "वाशी" तूफान और उसके बाद आई बाढ़ में बताया जाता है कि लगभग 700 लोगों की मौत हो गई है तथा 800 से अधिक लापता हैं। अन्तरराष्ट्रीय रेड क्रॉस संगठन के अनुसार 35 हज़ार से अधिक परिवार बेघर एवं विस्थापित हो गये हैं।

महाधर्माध्यक्ष अन्तोनियो लेदस्मा ने बताया कि अन्तरराष्ट्रीय काथलिक उदारता संगठन "कारितास" के कई स्वयंसेवक राहत सहायता पहुँचाने में लगे हैं तथा फिलिपिन्स के स्थानीय लोकोपकारी संगठन के सैकड़ों कार्यकर्त्ता कागयान दे ओरो शहर तथा इलीगान शहर के सार्वजनिक स्थलों को विस्थापितों के लिये अस्थायी आवास बनाने में संलग्न हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बताया कि आगामी सप्ताह में फिलिपिन्स के सभी गिरजाघरों में बाढ़ पीड़ितों के लिये अंशदान एकत्र किया जा रहा है तथा विशेष प्रार्थना सभाएँ आयोजित की जा रही हैं।

फिलिपिनी सूत्रों ने एशिया समाचार से कहा कि इस विनाश की ज़िम्मेदारी फिलीपिनी अधिकारियों की है जिन्होंने नदियों के किनारे निर्माण कार्यों की अनुमति प्रदान की तथा मौसम की ख़राबी के बारे में लोगों को पूर्व सूचना प्रदान नहीं की जिससे कई लोग नींद में मृत्यु के शिकार हो गये।








All the contents on this site are copyrighted ©.