कोलकाता भारत 9 दिसम्बर 2011 ( ऊकान, नवभारत टाइम्स) कोलकाता के एक निजी अस्पताल में
9 दिसम्बर की तड़के सुबह आग लग जाने से ताजा समाचार के अनुसार 89 लोगों की मौत हो गयी।
अधिकाँश मौतें धुएं के कारण दम घुटने से हुई।
कोलकाता के ढाकुरिया इलाके में
स्थित एएमआर आई अस्पताल के प्रवक्ता ने कहा कि दुर्घटना के समय अस्पताल में 160 मरीज
थे। वातानुकूलित अस्पताल के बेसमेंट में बिजली के शार्ट सर्किट से आग लगने के बाद यह
बहुत तेजी से पूरे परिसर में फैली। दमकल विभाग की 25 गाड़ियाँ पहुँची और लगभग 10 घंटे
के बाद आग पर काबू पा लिया गया। अग्निशमन विभाग के मंत्री जावेद खान ने कहा कि अस्पताल
के प्रथम चार तल्ले अग्निकाँड की चपेट में आये जिससे अस्पताल के सेवाकर्मियों और मरीजों
के मध्य अफरा तफरी मच गयी। दुर्घटना के शिकार हुए लोगों के परिजनों ने सूचना की कमी तथा
अस्पताल अधिकारियों के मध्य संयोजन के अभाव पर रोष प्रकट किया है।
राज्य की मुख्यमंत्री
ममता बनर्जी घटना की खबर पाने पर घटना स्थल पर पहुंची। उन्होंने दुर्घटना के कारणों की
जाँच करने तथा अस्पताल का लाईसेंस रद्द करने का आदेश दिया है।
जीवित मरीजों को
निकटवर्ती सरकारी और अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित कर दिया गया है। एक पुलिस अधिकारी
ने कहा कि अस्पताल प्रशासन के खिलाफ आपराधिक लापरवाही का मामला दर्ज कर दिया गया है।