2011-12-08 16:29:41

संत पापा ने टैबलेट कम्पयूटर के द्वारा क्रिसमस ट्री की बत्तियों को प्रकाशित किया


वाटिकन सिटी 8 दिसम्बर 2011 (एपी) संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने 7 दिसम्बर की संध्या वाटिकन स्थित प्रेरितिक प्रासाद से एक कम्पयूटर टैबलेट के टचस्क्रीन का स्पर्श करते हुए इटली के उम्बरिया प्रांत के गुबियो शहर के इंजिनो पर्वतीय क्षेत्र में बिजली बत्तियों का उपयोग करते हुए बनाये गये विशाल क्रिसमस ट्री को प्रकाशित किया। स्थानीय विद्युत सर्किट को वायरलेस कनेक्शन से जोड़ा गया था और संत पापा ने सोनी टैबलेट पीसी के द्वारा बुधवार संध्या इस क्रिसमस ट्री को प्रकाशमान किया। इसे विश्व का सबसे बड़ा क्रिसमस ट्री कहा गया है। 7 दिसम्बर की संध्या पहर में आयोजित इस कार्य़क्रम का प्रसारण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टीवी चैनलों द्वारा किया गया।

गुबियो क्षेत्र में एक हजार विद्युत बल्बों का उपयोग करते हुए क्रिसमस ट्री का आकार बनाया गया है जिसके लिए 300 हरे बल्ब और 400 बहुरंगी बल्बों का उपयोग किया गया है तथा वृक्ष के आकार के ऊपर 250 बल्बों का उपयोग करते हुए तारा बनाया गया है। यह क्रिसमस ट्री 450 मीटर चौड़ा और 750 मीटर ऊँचा है तथा इसका क्षेत्रफल लगभग एक लाख 30 हजार वर्ग मीटर है।
रंगीन बत्तियों का प्रयोग करते हुए इंजिनो पर्वत की तराई में स्वयंसेवियों द्वारा क्रिसमस ट्री बनाने की प्रथा यहाँ सन 1981 से रही है। प्रतिवर्ष 7 दिसम्बर को स्थानीय पारम्परिक समारोह के दौरान क्रिसमस ट्री को प्रकाशित किया जाता है जहाँ विश्व भर से संस्कृति, व्यवसाय और राजनैतिक जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहते हैं।

84 वर्षीय संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने नवीन तकनीक का उपयोग किया है। उन्होंने पहली बार आई पैड पर अपनी ऊँगली से स्पर्श करते हुए वाटिकन के सूचना पोर्टल का लोकार्पण किया था।








All the contents on this site are copyrighted ©.