धर्मबहन वाल्सा जोन की हत्या पर केरल की कलीसिया में शोक
केरल 17 नवम्बर 2011 (काथलिक न्यूज) केरल के चर्च अधिकारियों ने झारखंड राज्य के पाकुड़
में संथाल जनजाति समुदाय के अधिकारों की रक्षा के लिए कार्यरत धर्मबहन वाल्सा जोन की
हत्या पर गहन शोक और आक्रोश व्यक्त किया है। 53 वर्षीय धर्मबहन वाल्सा जोन की पाकुड़
जिलान्तर्गत अमडापाड़ा थाना क्षेत्र के पचुवाड़ा गाँव में उनके आवास के समीप मंगलवार
रात्रि जघन्य हत्या कर दी गयी।
केरल में सीरो मलाबार चर्च के प्रमुख मेजर आर्चविशप
जोर्ज अलेंचेरी और धर्माध्यक्ष बोस्को पुत्तुर ने कोच्चि के निकट वजहाखाला में धर्मबहन
जोन क परिजनों के साथ मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा स्वर्गीय धर्मबहन को श्रद्रांजलि
अर्पित किया। उन्होंने कहा कि धर्मबहन ने अपना जीवन गरीबों के लिए दे दिया तथा उनके अधिकारों
की रक्षा के लिए लम्बा संघर्ष किया। उन्होंने दुनिया को दिखाया है कि कैसे निर्धनों की
परवाह करें तथा कलीसिया और अपने विश्वास के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। इसके साथ
ही उन्होंने हत्या के जिम्मेदार लोगों को न्यायालय के सामने लाने की माँग की है।
स्वर्गीय
धर्मबहन वाल्सा जोन के भाई एम जे बेबी ने कहा कि जब वे अगस्त माह के अंत में अवकाश के
लिए आयी थीं और उन्हें धमकी मिलने की बात मालूम हुई तो उन्होंने धर्मबहन को वापस नहीं
जाने को कहा था। परिवार का मानना है कि धर्मबहन की हत्या उन लोगों द्वारा की गयी जो खनन
उद्योग से जुड़े हैं और जिनके खिलाफ वह अभियान चला रही थीं।
केरल में लातिनी
रीति के काथलिक कौंसिल अध्यक्ष महाधर्माध्यक्ष मारिया कालिस्त सूसापाकियम ने कहा कि सिस्टर
जोन ने अपने आदर्श जीवन और बुराई के खिलाफ संघर्षपूर्ण साहस द्वारा दिखाया है कि अपने
विश्वास और निर्धनों के लिए काम करने के लिए हम अपने जीवन को फिर से समर्पित करें।