2011-11-15 16:06:06

बेनिन की प्रेरितिक यात्रा- संत पापा द्वारा विश्वासियों से प्रार्थना का आग्रह


वाटिकन सिटी 15 नवम्बर (सीएनए) संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें 18 से 20 नवम्बर तक पश्चिमी अफ्रीकी राष्ट्र बेनिन की प्रेरितिक यात्रा करेंगे। उन्होंने विश्वसियों से इस आगामी प्रेरितिक यात्रा तथा अफ्रीका महाद्वीप के लोगों, विशेष रूप से असुरक्षा और हिंसा के शिकार हो रहे लोगों के लिए प्रार्थना करने की अपील की है।
उन्होंने रविवार 13 नवम्बर को देवदूत संदेश प्रार्थना के समय फ्रेंच भाषी तीर्थयात्रियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि अफ्रीका की कुँवारी माता मरियम उन सब लोगों को साथ दें और उनके कार्यों और प्रयासों को समर्थन दें जो मेल-मिलाप, न्याय और शांति की स्थापना के लिए काम कर रहे हैं।
अफ्रीका के धर्माध्यक्षों की दूसरी विशेष धर्मसभा के बाद तैयार किये गये प्रेरितिक उदबोधन को संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें रविवार को अफ्रीका के धर्माध्यक्षों को सौंपेंगे। उन्होंने रविवार के सुसमाचार पाठ में वर्णित अशर्फियों के दृष्टान्त पर टिप्पणी करते हुए कहा कि ईश्वर ने हम में से प्रत्येक जन को क्षमताएं दी हैं और यह जिम्मेदारी भी सौंपा है कि उन उपहारों या क्षमताओं को हम फलप्रद बनायें। ख्रीस्त के शब्दों ने विशेष धर्मसभा के कार्यों को मार्गदर्शन प्रदान किया है। संत पापा ने कहा कि बेनिन आने की तैयारी करते हुए उनकी आशा है कि वे अफ्रीका और निकटवर्ती द्वीपों के ईसाईयों की आशा और विश्वास को सुदृढ़ करेंगे।
बेनिन की यात्रा के लिए संत पापा शुक्रवार 18 नवम्बर को रोम से प्रस्थान करेंगे। वे तीन दिवसीय प्रेरितिक यात्रा के समय नागरिक और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मुलाकात करने सहित विभिन्न समारोहों की अध्यक्षता कर 20 नवम्बर को रोम वापस लौट आयेंगे।
बेनिन की आबादी 8.8 मिलियन है जिसमें काथलिकों की संख्या लगबग 3 मिलियन है। देश में 11 धर्माध्यक्ष, 684 धर्मप्रांतीय पुरोहित, 127 धर्मसमाजी पुरोहित तथा 1200 धर्मसमाजी और 11 हजार धर्मशिक्षक मसीही विश्वासियों को प्रेरितिक सेवा उपलब्ध करा रहे हैं।







All the contents on this site are copyrighted ©.