2011-10-31 12:48:29

थाईलैंड और इटली के बाढ़ पीड़ितों के लिये प्रार्थनायें


वाटिकन सिटी, 31 अक्तूबर, 2011 (सेदोक) संत पापा बेनेदिक्त सोलहवें ने थाईलैंड के बाढ़ पीड़ितो के लिये प्रार्थनायें की।

संत पापा रविवारीय रविवार 30 अक्तूबर को संत पेत्रुस महागिरजाघर के प्राँगण में देवदूत प्रार्थना के पूर्व उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।

संत पापा ने कहा, "मैं थाईलैंड और इटली के बाढ़ पीड़ितों के लिये अपनी आध्यात्मिक सामीप्य व्यक्त करता हूँ। बाढ़ ने दोनों देशों में अत्याधिक तबाही मचायी है।"

पचास वर्षों में सबसे विनाशकारी बाढ़ से पिछले तीन महीनों में थाईलैंड में 400 लोगों ने अपने जान गँवाये हैं।

उधर इटली के लिगूरिया और तुसकानी प्रांत में भी बाढ़ और मिट्टी खिसकने से 9 लोगों की मृत्यु हो गयी है।
संत पापा ने कहा कि वे प्राकृतिक विपदा से पीड़ित और इससे हताहत लोगों के लिये अपनी प्रार्थनाओं का आश्वासन देते हैं।

विदित हो कि थाईलैंड के कई शहर बाढ़ में डूब गए हैं और क़रीब 20 लाख लोग इससे प्रभावित हुए हैं।
जुलाई महीने में आई बाढ़ इस साल मौनसून की भारी बरसात की वज़ह से आई है और कई दशकों में इसे सबसे भीषण माना जा रहा है।
अक्टूबर महीने की शुरुआत में राजधानी बैंकॉक के उत्तरी ज़िलों के प्रभावित होने के बाद अधिकारी कई व्यावसायिक केंद्रों को पानी में डूबने से बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
अधिकारियों ने शहर के निवासियों से अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों में जाने को कहा है।
अधिकारियों को आशंका है कि सोमवार तक बैंकॉक की चाओ फ्रा़या नदी ऊंचे ज्वार की वजह अपने तटबंध तोड़ सकती है।
शुक्रवार को बैंक ऑफ़ थाईलैंड ने देश के विकास दर के पूर्वानुमान को पहले घोषित 4.1 फ़ीसदी से घटाकर 2.6 फ़ीसदी कर दिया।
देश के सकल घरेलू उत्पाद में राजधानी बैंकॉक का योगदान तक़रीबन 41 प्रतिशत का है और विश्लेषकों ने चेतावनी दी है कि बैंकॉक को होनेवाले किसी भी बड़े नुक़सान का असर देश की अर्थव्यवस्था और इसके विकास दर पर पड़ेगा।
बाढ़ की वजह से थाईलैंड के कई कारखानों में उत्पादन का काम ठप है और ये कारखाने दोबारा कब शुरू होंगे इसकी कोई निश्चित जानकारी नहीं है।















All the contents on this site are copyrighted ©.