2011-09-29 17:42:21

कास्तेल गांदोल्फो के प्रशासनिक और धार्मिक अधिकारियों तथा निवासियों के प्रति संत पापा की कृतज्ञता


कास्तेल गांदोल्फो 29 सितम्बर 2011 (सेदोक) संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने गुरूवार 29 सितम्बर को कास्तेल गांदोल्फो स्थित ग्रीष्मकालीन प्रेरितिक प्रासाद के इसविजेरी सभागार में उपस्थित कास्तेल गांदोल्फो समुदाय के प्रशासनिक, सैन्य और धार्मिक अधिकारियों को सम्बोधित कर सबके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कास्तेल गांदोल्फो परिसर में व्यतीत ग्रीष्मकाल को बहुत प्रिय बताते हुए कहा कि इस साल भी यहाँ अनेक तीर्थयात्री और पर्यटक आये। वे संत पापा का दर्शन करने तथा उनके साथ प्रार्थना करने, विशेष रूप से रविवार के दिनों में देवदूत संदेश प्रार्थना का पाठ करने तथा कुछेक बुधवार को बुधवारीय आमदर्शन समारोह में उपस्थित हुए। संत पापा ने अपने और अपने सहयोगियों तथा तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए कास्तेल गांदोल्फो समुदाय की ओर से उपलब्ध कराये गये आतिथ्य सत्कार, सेवा और सहयोग के लिए प्रशासनिक और धार्मिक अधिकारियों तथा उनके स्टाफ के प्रति धन्यवाद दिया जिनकी बदौलत उनका ग्रीष्मकाल बहुत शांत और सुखद रूप से व्यतीत हुआ।
संत पापा ने अल्बानो क्षेत्र के धर्माध्यक्ष मान्यवर मारचेलो सेमेरारो सहित कास्तेल गोदोल्फो पल्ली के पुरोहित और समुदाय, धर्मसमाजियों और लोकधर्मियों समुदायों तथा क्षेत्र के सब निवासियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने उनकी ओर से आध्यात्मिक समीपता को महसूस किया है औह इसके लिए सबको धन्यवाद देते हुए उनकी मंगलकामना है कि ईश्वर के आह्वान के अनुरूप उनकी उदारता का नवीनीकरण हो तथा वे सुसमाचार की सेवा में अपनी शक्ति का समुचित उपयोग कर पायें।
संत पापा ने कास्तेल गांदोल्फो के नगराध्यक्ष तथा अन्य प्रशासनिक और सुरक्षा अधिकारियों य को उनकी सेवा के लिए धन्यवाद देते हुए अपनी प्रार्थना में सस्नेह याद करने का आश्वासन दिया। उन्होंने ग्रीष्मकालीन प्रेरितिक प्रासाद में सेवा अर्पित करनेवाले सब लोगों और उनके परिजनों तथा सुरक्षा उपलब्ध करानेवाले वाटिकन तथा इटली की विभिन्न सैन्य ईकाईयों के सदस्यों को उनकी विशिष्ट और समर्पित सेवा के लिए धन्यवाद दिया।
अंत में संत पापा ने सबको अपना प्रेरितिक आशीर्वाद देने से पहले कहा कि वे सबको अपनी प्रार्थना में याद करेंगे तथा उनसे आग्रह करते हैं कि वे भी उन्हें अपनी प्रार्थना में याद करें। उनकी कामना है कि भले और दयालु ईश्वर सबको संभालें। वे सबलोगों पर माता मरिया के संरक्षण की कामना करते हुए स्मरण करते हैं कि अक्तूबर माह में रोजरी माला बिन्ती का पाठ विशेष रूप से करें।








All the contents on this site are copyrighted ©.