2011-09-20 12:14:15

केरलः चर्च विवाद पर चाण्डी द्वारा मैत्रीपूर्ण समाधान का प्रयास


केरल, 20 सितम्बर सन् 2011 (कैथन्यूज़): केरल के मुख्य मंत्री ओमन चाण्डी ने कहा है कि राज्य सरकार कोलेनचेरी स्थित सेन्ट पीटर और सेन्ट पौल गिरजाघर पर निष्पक्ष रुख रखती है तथा इसपर हो रहे विवाद का मैत्रीपूर्ण हल ढूँढ़ना चाहती है।

मंत्रियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सम्पन्न बैठक के बाद मुख्यमंत्री चाण्डी ने यह बात कही किन्तु किसी भी प्रकार का विवरण प्रदान करने से इनकार कर दिया। इस बैठक में जैकोबाईट तथा ऑरथोडोक्स कलीसिया के प्रतिनिधियों को आमंत्रित नहीं किया गया था। इन दो कलीसियाओं में उक्त गिरजाघर के स्वामित्व के लिये विवाद चल रहा है।

तनाव उस समय अधिक हो गये जब विरोध प्रदर्शन करते जैकोबाईट कलीसिया के लोगों ने कोलेनचेरी में ऑरथोडोक्स कलीसिया के धर्माध्यक्ष की गाड़ी को रोक दिया।

इस बीच, रविवार को जैकोबाईट कलीसिया के धर्माध्यक्ष बासिलियोस प्रथम ने अपने सभी गिरजाघरों में एक परिपत्र प्रकाशित कर लोगों से सचेत रहने को कहा है। उन्होंने आरोप भी लगाया कि ऑरथोडोक्स कलीसिया जैकोबाईट कलीसिया के गिरजाघरों पर कब्ज़ा करना चाहती है। दूसरी ओर ऑरथोडोक्स कलीसिया का दावा है कि सेन्ट पीटर और सेन्ट पौल गिरजाघर उसकी सम्पत्ति है।








All the contents on this site are copyrighted ©.